कांट (शाहजहांपुर)। नगर पंचायत कांट के कमलनैनपुर क्षेत्र के दो वार्डों में काफी संख्या में लोग वायरल बुखार से तप रहे हैं। उसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग नहीं जागा है। यहां गंदगी और दो तालाबों के कारण मच्छरों की भरमार है। इस वजह से प्रत्येक घर के एक से दो लोग बुखार से पीड़ित हैं। ग्रामीणों ने कुछ लोगों के मलेरिया और डेंगू से पीड़ित होने की आशंका भी जताई है। बता दें कि दो वार्डों की आबादी करीब 10 हजार तो मतदाता करीब 2400 हैं।
कमलनैनपुर में तीन सभासद चुने जाते हैं। वार्ड नंबर तीन और 14 में सबसे ज्यादा बुखार का प्रकोप है। यहां पर काफी संख्या में लोगों को बुखार आ रहा है। प्रारंभ में लोगों ने कस्बे में दवा ली, लेकिन फायदा नहीं होने के कारण उन्हें शाहजहांपुर का रुख करना पड़ा। वार्ड की मुस्कान, वेदप्रकाश, संतोष, साहिल ने बताया कि बुखार आने के बाद सीएचसी पर दवा लेने गए थे। वहां दवा लेने पर भी फायदा नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 15 दिन से कई लोग पीड़ित हैं। फिर भी अब तक स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान नहीं लिया है।
—
दो तालाबों में पनप रहे मच्छर, गंदगी का भी अंबार
कमलनैनपुर में दो तालाब हैं। एक मुख्य सड़क पर है, जबकि दूसरा अंदर है। इन तालाबों में मच्छर पनप रहे हैं। मच्छरों से बचाव के लिए संबंधित विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। मच्छरों के चलते ग्रामीण काफी परेशान हैं। इसके अलावा गंदगी के भी ढेर लगे हुए हैं। सफाई व्यवस्था भी चौपट है। ग्रामीणों ने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलने के बाद भी मच्छरों से निपटने के लिए कारगर कदम नहीं उठाए गए हैं।
—
बुखार की चपेट में परिवार के लोग आ चुके हैं। हमारी भांजी को भी बुखार आया था। स्थानीय डॉक्टरों को दिखाने पर भी फायदा नहीं हुआ। तब शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
-संजीव गिहार
—
एक महीने से बुखार आ रहा है। परिवार में भी कई लोग बीमार हैं। आसपास रहने वाले कई लोग बुखार से जूझ रहे हैं। विकराल स्थिति होने के बाद भी स्वास्थ्य शिविर नहीं लगाया गया है।
– वेदप्रकाश
—
वार्डों में स्वास्थ्य शिविर लगवाकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। बुखार पीड़ितों की जांच कराएंगे, जिससे मलेरिया और डेंगू को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सके। इसके लिए चिकित्सा प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. विवेक मिश्रा, सीएमओ
—
वार्डों में प्रतिदिन सफाई कर्मचारियों के जरिये सफाई कराई जा रही है। बुखार को देखते हुए वार्डों का निरीक्षण करेंगे। जहां पर गंदगी होगी, वहां सफाई कराएंगे, साथ ही लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे।
-नूरजहां, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत
वेदप्रकाश। संवाद– फोटो : 1
वेदप्रकाश। संवाद– फोटो : 1
वेदप्रकाश। संवाद– फोटो : 1