Sultanpur News: सुलतानपुर। नगर कोतवाली में दर्ज जानलेवा हमले के मुकदमे में वांछित यूट्यूबर के घर सोमवार रात दबिश देने पहुंची पुलिस से परिवारीजनों की नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल को पूर्व सीएम अखिलेश ने एक्स पर डाल कर कमेंट कर दिया, इसके बाद यह मामला हाईलाइट हा गया। इस पर सीओ ने इस मामले में बयान जारी किया। जानकारी के अनुसार, बीते सात सितंबर को अमहट निवासी अफरुल हसन ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पांच-छह सितंबर की रात उनके बेटे सबीब रजा को सोशल मीडिया के माध्यम से फोन कर यह कहकर बुलाया गया कि उसके मित्र छोटू का अमहट में एक्सीडेंट हो गया है।
मौके पर पहुंचने पर सादाब पठान, संजय यदुवंशी, शिवा यदुवंशी और सचिन कोरी समेत अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर विवेचना के दौरान जानलेवा हमले की धारा बढ़ाई गई।इसी मामले में सोमवार रात नगर कोतवाली और धम्मौर पुलिस ने उघड़पुर निवासी संजय यदुवंशी के घर दबिश दी। पुलिस के पहुंचने के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान परिवारीजनों से पुलिस की नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। वायरल वीडियो की हिंदुस्तान पुष्टि नहीं करता। सीओ लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि वांछित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई थी। सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। धम्मौर प्रभारी निरीक्षक विपेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि संजय यदुवंशी के खिलाफ धम्मौर में दो, बंधुआकला में एक और नगर कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज है।