उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद के कप्तानगंज कस्बे में हाईवे पर मृत पड़े दो कुत्तों को हटाने के दौरान कथित तौर पर उनके शवों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया. NHAI की पेट्रोलिंग टीम के कर्मचारी दोनों पशुओं के शव हटाने पहुंचे थे. इसी दौरान उन्हें रस्सी से बांधकर सड़क पर घसीटते हुए ले जाने का वीडियो सामने आया.
बताया जा रहा है कि हाईवे पर दोनों कुत्ते मृत अवस्था में पड़े थे. सड़क पर शव होने की वजह से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उन्हें हटाने के लिए पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची थी. कर्मचारियों से उम्मीद थी कि शवों को सड़क से हटाकर उचित स्थान पर सम्मानजनक तरीके से दफनाया जाएगा.
यह भी पढ़ें: बेटी बनाती थी शारीरिक संबंध, पिता करता था ब्लैकमेल… बस्ती में SO की मौत के बाद खुला पूरा खेल
लेकिन एक राहगीर ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में कथित तौर पर मृत कुत्तों को रस्सी से बांधकर हाईवे पर घसीटते हुए ले जाते कर्मचारी दिखाई दे रहे हैं. तस्वीरें सामने आने के बाद लोगों ने इस तरीके को लेकर नाराजगी जताई.
VIDEO वायरल हुआ तो उठे संवेदनशीलता पर सवाल
हाईवे से मृत पशुओं को हटाना यातायात की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी है, लेकिन लोगों ने सवाल उठाया कि इस काम के दौरान बेजुबान जानवरों के शवों के साथ संवेदनशीलता क्यों नहीं बरती गई. राहगीरों के बीच भी शवों को रस्सी से बांधकर खींचने का तरीका चर्चा का विषय बन गया.
देखें वीडियो…
स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोलिंग टीम की जिम्मेदारी केवल सड़क से बाधा हटाने तक सीमित नहीं है. परिस्थितियों के मुताबिक कर्मचारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए. यदि मृत पशुओं को हटाने के लिए कोई निर्धारित प्रक्रिया है तो उसका पालन किया जाना चाहिए.
वायरल वीडियो के बाद लोगों ने संबंधित विभाग से कार्रवाई करने के साथ यह स्पष्ट करने की मांग की कि हाईवे से मृत पशुओं के शव हटाने की निर्धारित व्यवस्था क्या है और मौके पर उसका पालन क्यों नहीं किया गया. घटना ने जिम्मेदार व्यवस्था की कार्यशैली और संवेदनशीलता को लेकर सवाल खड़े कर दिए.
3 कर्मचारियों पर कार्रवाई, ड्राइवर सस्पेंड और 2 बर्खास्त
मामले में हाईवे के सिविल विंग के जनरल मैनेजर प्रवीण गर्ग ने कार्रवाई की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि हाईवे की पेट्रोलिंग वैन में तैनात तीन कर्मचारियों के दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है. वैन के चालक को सस्पेंड कर दिया गया है.
वहीं, सह चालक और एक अन्य कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है. अधिकारी के मुताबिक, भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए सभी कर्मचारियों को सजग रहने की सख्त हिदायत दी गई है.
फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद यह साफ है कि वायरल वीडियो को विभाग ने गंभीरता से लिया. हालांकि, घटना ने यह सवाल जरूर खड़ा किया कि हाईवे से बेजुबान पशुओं के शव हटाने जैसी जिम्मेदारी निभाते समय क्या मानवीय संवेदनशीलता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया जाना चाहिए.
—- समाप्त —-
रिपोर्ट- सतीश श्रीवास्तव.