‘बिग बॉस 20’ का वीकेंड का वार इस बार काजी तौकीर के नाम रहने वाला है। शो में अपने अलग अंदाज, मजेदार डायलॉग और बेबाक पर्सनैलिटी से पहचान बना चुके काजी को इस बार सलमान खान से खास तारीफ मिली। हालांकि, इसी एपिसोड में सलमान ने उन्हें एक गंभीर मामले को लेकर फटकार भी लगाई।
सलमान बोले- रॉकस्टार तो एक ही है
वीकेंड का वार के प्रोमो में सलमान खान घरवालों के बीच काजी की जमकर तारीफ करते दिखाई देते हैं। वह कहते हैं कि घर में कितने भी स्टार्स हों, लेकिन रॉकस्टार सिर्फ एक है और वो हैं काजी तौकीर। इसके बाद सलमान घरवालों से काजी के चर्चित अंदाज ‘आई एम ए रॉकस्टार बेबी’ को दोहराने के लिए कहते हैं।
घर के सदस्य जब काजी की नकल करते हैं तो माहौल मजेदार हो जाता है। सलमान भी इस पूरे सीन को देखकर हंसते हैं और आखिर में काजी से कहते हैं कि वह सच में रॉकस्टार हैं। सलमान की तारीफ सुनकर काजी के चेहरे पर खुशी साफ नजर आती है।
कभी हंसाते हैं, कभी मचा देते हैं हलचल
काजी ने कम समय में शो में अपनी अलग जगह बनाई है। कभी उनके फनी डायलॉग घरवालों और दर्शकों को हंसाते हैं तो कभी उनकी अतरंगी हरकतें पूरे घर का माहौल बदल देती हैं। उनकी यही एनर्जी उन्हें बाकी कंटेस्टेंट्स से अलग बनाती है।
ड्रामे पर सलमान ने लगाई क्लास
हालांकि, तारीफ के साथ काजी को सलमान की डांट भी सुननी पड़ी। दरअसल, घर में काजी ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी थी कि सभी को लगा उन्हें मेडिकल परेशानी हो रही है। इसके बाद बिग बॉस ने उन्हें मेडिकल रूम भेजा।
बताया जा रहा है कि वहां काजी ने डॉक्टर के सामने माना कि वह सिर्फ ड्रामा कर रहे थे और उन्हें वास्तव में कुछ नहीं हुआ था। इस पर सलमान नाराज नजर आए। उन्होंने समझाया कि ऐसी हरकतों से घरवाले ही नहीं, बल्कि बाहर बैठे दर्शक भी परेशान होते हैं।
अरिजीत सिंह ने भी कहा- ‘मेरा रॉकस्टार काजी’
काजी को उनके पुराने दोस्त और मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह का भी सपोर्ट मिला है। अरिजीत ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह जिंदगी में पहली बार ‘बिग बॉस’ देखेंगे, क्योंकि शो में उनका ‘रॉकस्टार काजी’ मौजूद है। दोनों की दोस्ती ‘फेम गुरुकुल’ के दिनों से चली आ रही है।