क्या सच में राहुल गांधी ने दीपेंद्र हुड्डा को ट्रक से उतारा (ETV Bharat)
चंडीगढ़: दिल्ली में इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और हरियाणा से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में राहुल गांधी ट्रक पर मौजूद दीपेंद्र हुड्डा की ओर मुड़ते हुए दिखाई देते हैं और दीपेन्द्र हुड्डा इसके बाद नीचे की ओर चले जाते हैं. इस घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं. कुछ लोग इसे दीपेंद्र हुड्डा के राजनीतिक कद से जोड़कर देख रहे हैं. वहीं, हरियाणा कांग्रेस ने इन दावों पर सफाई देते हुए इसे गलत प्रचार और ओछी राजनीति करार दिया है. वहीं, हरियाणा बीजेपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर लिखा कि, “राहुल गांधी ने एक बार फिर दीपेंद्र हुड्डा को उनकी औकात याद दिला दी. मार्च के दौरान राहुल ने दीपेंद्र को धक्के मारकर गाड़ी से उतार दिया.”
वायरल वीडियो में क्या दिखा: दरअसल, दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी पार्टी के अन्य नेताओं के साथ ट्रक पर मौजूद थे. इसी दौरान कैमरे में एक ऐसा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ, जिसे सोशल मीडिया पर राहुल गांधी द्वारा दीपेंद्र हुड्डा को ट्रक से नीचे उतारने के रूप में प्रचारित किया जा रहा है. वीडियो के सामने आने के बाद राहुल गांधी के व्यवहार और दीपेंद्र हुड्डा के साथ उनके संबंधों को लेकर चर्चा शुरू हो गई. वहीं, दीपेन्द्र हुड्डा ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो पोस्ट कर प्रतिक्रिया दी.
दीपेंद्र हुड्डा को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा: दीपेंद्र सिंह हुड्डा को हरियाणा कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में गिना जाता है. ऐसे में वायरल वीडियो को उनके राजनीतिक कद और पार्टी में उनकी भूमिका से जोड़कर देखा जा रहा है. सोशल मीडिया पर कई लोग इसे उनके लिए प्रतिकूल संकेत बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स उन्हें निशाना बना रहे हैं. इस पूरे मामले ने राजनीतिक चर्चाओं को तेज कर दिया है. हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर लगाए जा रहे दावों को लेकर कांग्रेस ने अलग ही पक्ष सामने रखा है.
हरियाणा कांग्रेस ने वायरल वीडियो पर बताई पूरी सच्चाई (ETV Bharat)
हरियाणा कांग्रेस मीडिया प्रभारी ने बताई पूरी सच्चाई: हरियाणा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी चांदवीर हुड्डा ने वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “राहुल गांधी ने दीपेंद्र हुड्डा को अपमानित करने के लिए नीचे नहीं भेजा था, बल्कि प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संभालने के लिए कहा था. जब आप बराबरी नहीं कर सकते तो कुंठा में आकर बदनामी करना, छोटी सोच और ओछी राजनीति का प्रतीक है.”
“प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं पर बैरिकेड्स गिर गए थे. भीड़ के कारण बैरिकेड्स उठाने में परेशानी हो रही थी. ऐसे में राहुल गांधी ने स्थिति देखी और दीपेंद्र हुड्डा को नीचे जाकर कार्यकर्ताओं को संभालने के लिए कहा. कि इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी दीपेंद्र हुड्डा के साथ नीचे पहुंचे और कार्यकर्ताओं की मदद करने लगे.” -चांदवीर हुड्डा, मीडिया प्रभारी , हरियाणा कांग्रेस
“राहुल गांधी दीपेंद्र को छोटे भाई से ज्यादा मानते हैं”: चांदवीर हुड्डा ने राहुल गांधी और दीपेंद्र सिंह हुड्डा के संबंधों को लेकर कहा कि, “राहुल गांधी जी दीपेंद्र जी को छोटे भाई से भी ज्यादा प्यार और मान-सम्मान देते हैं और भरोसा करते हैं. राहुल गांधी उनके जनाधार और मेहनत से अच्छी तरह परिचित हैं. दीपेंद्र हुड्डा पांच बार सांसद बने हैं और भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं. हरियाणा में कांग्रेस के बड़े कार्यक्रमों को सफल बनाने में हुड्डा परिवार की अहम भूमिका रहती है.”
“झूठे प्रचार से किसी नेता का कद छोटा नहीं होता”: हरियाणा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि, “दीपेंद्र हुड्डा को बदनाम करने की कोशिश से उनकी राजनीतिक ताकत कम नहीं होगी. किसी नेता का कद झूठे प्रचार से छोटा नहीं होता. दीपेंद्र सिंह हुड्डा जी की ताकत उनका संघर्ष, उनकी मेहनत और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ है. कुछ राजनीतिक दल दीपेंद्र हुड्डा की बराबरी नहीं कर पाने के कारण इस तरह की राजनीति कर रहे हैं.”
इस तरह कांग्रेस ने वायरल वीडियो को लेकर उठे सवालों का जवाब देते हुए दावा किया कि घटनाक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं की मदद करना था, न कि दीपेंद्र हुड्डा का अपमान करना.
ये भी पढ़ें: करनाल में SKM की बैठक में रणनीति पर मंथन, राकेश टिकैत बोले- ’26 नवंबर के आंदोलन की तैयारी शुरू’
