कब्र खोदकर निकाला गया शव (ETV Bharat)
कटिहार : बिहार के कटिहार में एक सख्श की मौत के मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने उसकी मौत के पीछे हत्या की आशंका को जन्म दे दिया. पुलिस ने कब्रिस्तान में दफनाए गए मोहम्मद कमरुल के शव को कब्र खोदकर बाहर निकाला. ये पूरा घटनाक्रम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खोरवा गांव का है, जो दरकते रिश्तों के सच को उजागर करता है.
कब्र खोदकर निकाला गया शव
फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्र खोदकर निकाला पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने मामले में अपनी ओर से प्राथमिकी दर्ज कर पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम (ETV Bharat)
5 सितंबर को हुई थी संदिग्ध मौत
दरअसल, 5 सितंबर की रात मोहम्मद कमरुल की मौत हुई थी. परिजनों और ससुराल पक्ष की ओर से उसकी मौत का कारण शराब पीना बताया गया. इसके बाद स्थानीय स्तर पर पंचायत हुई और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया गया. उस समय मामला सामान्य मौत का माना जा रहा था.
एक वायरल वीडियो से मिला हत्या का सुराग
दफनाने के कुछ दिन बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में 5-6 लोग एक व्यक्ति की पिटाई करते हुए नजर आ रहे थे. वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया तो मामले की जांच शुरू की गई. जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में पिट रहे व्यक्ति की पहचान मोहम्मद कमरुल के रूप में की. इसके बाद उसकी मौत की परिस्थितियों पर पुलिस को संदेह हुआ.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कब्र खोदकर कमरुल का शव बाहर निकलवाया. पुलिस के अनुसार, बारिश के कारण शव अपेक्षाकृत सुरक्षित था और पूरी तरह डिकंपोज नहीं हुआ था. फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, ताकि मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके.
वीडियो में पत्नी, बेटा-बेटी समेत पांच की पहचान
कटिहार एसपी परिचय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो में एक व्यक्ति को 5-6 लोग पीटते हुए दिखाई दे रहे थे. उसी वीडियो में आरोपी पत्नी अपने पति के गले में गमछा डालकर तब तक ऐंठकर रखती है जब तक कि उसकी जान नहीं चली गई. उसी वीडियो के आधार पर जांच की गई तो पिटाई का शिकार व्यक्ति मोहम्मद कमरुल निकला. जांच में यह भी सामने आया कि 5 सितंबर को कमरुल की मौत हुई थी और प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है.
परिचय कुमार, एसपी, कटिहार (ETV Bharat)
”वायरल वीडियो की जांच के बाद पीटने वालों की पहचान की गई, इनमें मृतक कमरुल की पत्नी, उसका एक बेटा, एक बेटी और दो अन्य व्यक्ति शामिल हैं, जिन्हें कमरुल का भतीजा बताया गया है. सभी को नामजद आरोपी बनाया गया है.”– परिचय कुमार, एसपी, कटिहार
पुलिस ने खुद दर्ज किया केस
एसपी ने बताया कि कमरुल के माता-पिता और भाई को भी घटना की जानकारी थी, लेकिन वे पुलिस में आवेदन देने के लिए तैयार नहीं थे. पुलिस ने उन्हें वायरल वीडियो दिखाकर मामले की जानकारी दी, इसके बावजूद उन्होंने प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया. इसके बाद पुलिस ने अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की.
कमरूल की मौत से पहले क्या हुआ था?
पुलिस अब वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. साथ ही कमरुल की मौत से पहले उसके साथ क्या हुआ था, किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई और मौत के बाद शव को तत्काल दफनाने का फैसला क्यों लिया गया, इन सभी बिंदुओं को जांच के दायरे में रखा गया है.
कमरुल का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, मृतक मोहम्मद कमरुल का भी आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि क्या उसके आपराधिक अतीत या किसी पुराने विवाद के कारण उसके साथ मारपीट की गई और उसकी हत्या की गई. फिलहाल पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.
मौत के 9 दिन बाद समाने आई नई कहानी
वहीं, मृतक की मां ने बताया कि कमरुल अपनी ससुराल में ही रहता था और शराब पीने का आदी था. ससुराल वालों ने उसकी मौत का कारण शराब पीना बताया था. अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद परिवार और पुलिस के सामने उसकी मौत की नई कहानी सामने आई है.
घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
फिलहाल एक वायरल वीडियो ने जिस मौत को सामान्य बताकर दफना दिया गया था, उस मामले को संदिग्ध हत्या की जांच में बदल दिया है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ वायरल वीडियो, फोरेंसिक साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
ये भी पढ़ें-
