गोंडा जिले के राजगढ़ अमीनपुर गांव में विशालकाय अजगर का रेस्क्यू किया गया। सर्प मित्र अरुण कुमार बाबा के पैर में अजगर लिपट गया और उन्हें छुड़ाने में कठिनाई हुई। लगभग एक घंटे की कोशिश के बाद उन्होंने अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ा।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि झाड़ियों में एक विशालकाय अजगर छिपा हुआ है। उसे पकड़ने के लिए सर्प मित्र अरुण कुमार बाबा उसके पास जाते हैं और अजगर को पकड़कर बाहर खींचने का प्रयास करते हैं। इसी दौरान अजगर उनके दाहिने पैर में लिपट जाता है। वहां मौजूद दो अन्य साथियों की मदद से उन्होंने काफी मशक्कत के बाद अजगर को बाहर निकाला।
किया गया रेस्क्यू
इसके बाद रेस्क्यू करके अजगर को बोरी में भरते समय वह अचानक बाहर निकल आया और दूसरी बार अरुण कुमार के दाहिने पैर में पूरी तरह से लिपट गया। इस दौरान उनका पैर चोटिल होने से बाल – बाल बचा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने अपने पैर को छुड़ाया और फिर अजगर को बोरी में भरकर सुरक्षित ले जाकर जंगल में छोड़ दिया। इस दौरान सर्प मित्र ने लोगों को अजगर से बचाव के तरीके भी बताए।
क्या बोले डीएफओ?
इस मामले पर गोंडा के डीएफओ अनुराग प्रियदर्शी ने बताया कि कहीं भी अजगर दिखाई देने पर वन विभाग को सूचना दें। उन्होंने कहा कि विभाग की टीम पूरी तरह से सक्रिय है और कर्मचारियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है। बिना विभाग को सूचना दिए निजी व्यक्तियों से अजगर पकड़वाना जोखिम भरा हो सकता है। यदि इस दौरान कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।

