डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना के एक रेलवे स्टेशन से ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस वर्दी को शर्मसार किया है। यहां शुक्रवार रात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक जवान ने महिला की पिटाई की और उसके बाल पकड़कर घसीटा।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसे देखकर लोगों के बीच काफी गुस्सा है, जिसके बाद अधिकारियों को उस जवान के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करनी पड़ी।
RPF के जवान के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि RPF जवान महिला के साथ हाथापाई कर रहा है, उसे पीटता है और रेलवे स्टेशन परिसर के पास उसके बाल पकड़कर घसीटता भी है।
सामने आए फुटेज से अभी यह साफ नहीं हो पाया कि हाथापाई की असल वजह क्या थी। जांच के बाद ही मामले की असली वजह का पता चल पाएगा।
इस वीडियो को देखने के बाद लोगों का गुस्सा सामने आया है। जवान के खिलाफ कार्रवाई की मांग को देखते हुए दक्षिण मध्य रेलवे (SCR) और RPF ने घटना का संज्ञान लिया और जांच शुरू की।
रेलवे करेगा जांच
सिकंदराबाद में दक्षिण मध्य रेलवे के अधिकारियों ने कहा, ‘संबंधित जवान की पहचान तेलंगाना राज्य पुलिस के होम गार्ड के रूप में हुई है, जो हाफिजपेट रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात था। उसे जरूरी अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए तेलंगाना राज्य पुलिस विभाग वापस भेज दिया गया है।’
