हरियाणवी गायक, अभिनेता व मॉडल दिलेर खरकिया के घर के बाहर गाड़ी पर फायरिंग की वारदात के बाद सोशल मीडिया पर धमकी और ऑडियो वायरल के बाद गानों को लेकर विवाद भी उजागर हुआा है। वहीं, बदमाशों द्वारा करीब छह माह पहले रंगदारी मांगने की बातें भी सामने आई हैं, जिसके बाद खरकिया के घर और फार्म हाउस पर पुलिस का पहरा है। वहीं पुलिस सुरक्षा को लेकर खरकिया ने पहले भी पुलिस से अनुरोध किया था।
जिले के खरक गांव में वीरवार रात साढ़े 11 बजे दिलेर खरकिया की घर के बाहर खड़ी रेंज रोवर गाड़ी पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने ली है। पुलिस रंगदारी मांगने और अनिल पंडित की पोस्ट, दोनों एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की छह टीमें इस मामले में हर पहलु से जांच कर रही है।
फायरिंग से दो दिन पहले उनके भाई कहर खरकिया ने गाना खरीदने को लेकर चल रहे विवाद का जिक्र किया था। कहर के मुताबिक, उन्होंने 7 लाख रुपए में गाना खरीदा था, लेकिन राइटर के साइन को लेकर विवाद हो गया। कहर ने आरोप लगाया कि फर्जी साइन वाले दस्तावेज देकर गाना ट्रांसफर किया गया, जिसका मामला अब कोर्ट में चल रहा है। सोशल मीडिया पर एक कलाकार ने भी दिलेर के भाई केहर पर गाना खरीद के भुगतान में आना कानी व घूमाने के आरोप लगाए हैं।
साल लाख में खरीदा था गाना, कोर्ट पहुंचा विवाद
दिलेर खरकिया के भाई केहर खरकिया ने फायरिंग से दो दिन पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था। इसमें कहर ने कहा कि उन्होंने जितेंद्र खटाना से 7 लाख रुपए में ‘मेरे बाबू’ गाना खरीदा था। इसके साथ 5 अन्य गानों का ऑडियो भी देना था। गाना फरवरी के अंत में दिया था। इस संबंध में तीन बार एग्रीमेंट हुए हैं। पहला फरवरी में, दूसरा दो महीने बाद और तीसरा करीब एक महीने पहले हुआ था। कहर ने कहा कि किसी भी गाने को ट्रांसफर होने में 15-20 दिन लगते हैं, लेकिन उनके गाने में 2 महीने लगे। उनके मुताबिक, उनके साथ धोखा किया गया था। राइटर विपिन के फर्जी साइन करके उन्हें गाना दिया। मामला कोर्ट में भी चल रहा है। उधर जितेंद्र खटाना ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा कि उन्हें पैसे नहीं मिले हैं। अगर भुगतान किया है तो उसका प्रमाण दिखाया जाए।
अमेरिका से चला गैंग
अनिल पंडित पानीपत के गांव रायर कलां का रहने वाला है। 2022 में नौकरी की तलाश में दुबई गया था। वहां से डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा और अमेरिका पहुंचने के बाद उसकी मुलाकात गैंगस्टर रणदीप मलिक से हुई। शुरुआत में दोनों ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े और बाद में संगठित अपराध नेटवर्क के तहत अवैध गतिविधियां चलाना शुरू दी। अनिल पंडित के खिलाफ हत्या, रंगदारी, हत्या के प्रयास जैसे 10 प्राथमिकी दर्ज हैं। सितंबर 2026 में हरियाणा एसटीएफ ने चार भगोड़े गैंगस्टरों पर 10-10 लाख रुपए इनाम घोषित करने का प्रस्ताव भेजा था। इनमें हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित शामिल हैं। अनिल पंडित द्वारा कई व्यापारियों से भी रंगदारी मांगने के गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज हैं
खरकिया के घर और फार्म हाउस पर पुलिस का पहरा
फायरिंग की वारदात के बाद मौके से एफएसएल टीम ने एक गोली का खोल बरामद किया है। जबकि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे बदमाश की पहचान के प्रयास में पुलिस जुटी है वहीं इस मामले में लॉरैंस बिश्नोई गैंग के बदमाशों के नाम सामने आने के बाद पुलिस की करीब छह टीमें मामले की तहकीकात में जुटी हैं। पुलिस खरकिया के परिवार से उनके किसी से चल रहे विवाद के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
