बिल्सी, संवाददाता। महिला को झांसे में लेकर उसके घर पर शारीरिक संबंध बनाने, जान से मारने की धमकी देने और दो लाख रुपये मांगने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला के साथ बनाए गए वीडियो को इंस्टाग्राम पर डालने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव नागरझूना निवासी महिला ने 19 सितंबर को थाना खुदागंज, शाहजहांपुर में लिखित तहरीर दी थी। वहां जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला स्थानीय कोतवाली स्थानांतरित किया गया। मामले में अंकित सिंह पुत्र सुनील सिंह उर्फ मौलवी सिंह निवासी करेली, जिला पीलीभीत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर उक्त केस में धाराओं की बढ़ोतरी की गई। बुधवार को अपराध निरीक्षक विनोद कुमार मौर्य ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर आरोपी अंकित सिंह को नगर के अंबियापुर तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में आरोपी को जेल भेज दिया गया।
