मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। सिकंदरपुर इलाके की एक महिला का शादीशुदा व्यक्ति ने नहाते हुए वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी दे महिला को ब्लैकमेल कर आरोपित एक साल तक दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता ने मंगलवार को सिकंदरपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपित संजीव पटेल को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। एसडीपीओ टाउन-एक सुरेश कुमार ने बताया कि पीड़िता ने बयान दिया है कि एक साल तक वह आरोपित के ब्लैकमेल का शिकार होती रही। इधर, छह माह से उसने आरोपित से दूरी बनानी शुरू कर दी। तब आरोपित ने महिला का वीडियो मोहल्ले में कई लोगों को दिखा दिया।
इसके बाद भी वह महिला पर दबाव बनाता रहा। मंगलवार को आरोपित उसके घर में घुस गया और अकेली पाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। इसी दौरान महिला के पति घर आ गए। उन्होंने आरोपित को पकड़ा तो उनको पटककर गला दबाने लगा। मोहल्ला के लोग जुटे तो आरोपित भाग निकला। एसडीपीओ ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
