Home Viralमुरादाबाद में पलटा वनस्पति घी से भरा टैंकर, पुलिस के आने से पहले डिब्बे लूट ले गए लोग; वीडियो वायरल

मुरादाबाद में पलटा वनस्पति घी से भरा टैंकर, पुलिस के आने से पहले डिब्बे लूट ले गए लोग; वीडियो वायरल

by BollywoodNewsAndMovie


जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र में रामगंगा पुल पर बुधवार सुबह वनस्पति घी से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद सड़क पर टैंकर में लदे वनस्पति घी के पैकेट फैल गए। मौके पर पहुंचे लोगों में वनस्पति घी लूटने की होड़ मच गई। कई लोग पैकेट उठाकर ले गए। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

बताया गया कि वनस्पति घी से भरा टैंकर हरियाणा से रुद्रपुर जा रहा था। बुधवार सुबह करीब छह बजे रामगंगा पुल पर अचानक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में भरा सामान सड़क पर बिखर गया।

आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते कुछ लोगों ने सड़क पर पड़े वनस्पति घी के पैकेट उठाने शुरू कर दिए। हादसे की सूचना मिलने पर कटघर पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने टैंकर और सड़क पर बिखरे वनस्पति घी को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौके से भीड़ को हटाया और यातायात सुचारु कराया। इसके साथ ही वनस्पति घी लेकर जाने वाले लोगों की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया गया है।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने वनस्पति घी ले जाते लोगों का वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस प्रसारित वीडियो के आधार पर लोगों की पहचान करने में जुटी है।



Source link

You may also like

Leave a Comment