यूपी के बागपत में एक युवक द्वारा रोटी पर थूकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया है।
हाइलाइट्स
- बागपत के रटौल कस्बे में चिकन प्वाइंट से जुड़ा है वीडियो
- वीडियो में युवक रोटी बनाते समय थूकता नजर आ रहा है
- पुलिस ने युवक का शांतिभंग में चालान कर दिया है

वायरल वीडियो में युवक तंदूर के पास खड़ा होकर रोटी तैयार करता नजर आ रहा है। इसी दौरान वह मुंह से कुछ करता दिखाई देता है, जिसे लेकर लोगों ने आपत्ति जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीडियो रटौल कस्बे के एक चिकन प्वाइंट का है, जिसका वीडियो साफ देखा जा सकता है। आरोपी का नाम मेहताब पुत्र सिराजुद्दीन है, जो रटौल कस्बे का ही रहने वाला है। मामला बढ़ने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को हिरासत में लिया और पूछताछ की।
शांतिभंग में चालान
थाना प्रभारी आशीष पुंडीर के मुताबिक, पूछताछ के बाद युवक के खिलाफ शांतिभंग में चालान किया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
बागपत में इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। खेकड़ा, बड़ौत और टटीरी क्षेत्रों में भी इसी तरह के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल-ढाबों पर चेकिंग अभियान चलाने और साफ-सफाई के सख्त निर्देश दिए थे। इसके बावजूद रटौल में फिर से ऐसा मामला सामने आना प्रशासनिक निर्देशों की अनदेखी की ओर इशारा कर रहा है। अब देखना होगा कि खाद्य सुरक्षा विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और ऐसे मामलों पर कैसे रोक लगाई जाती है।

