बुलंदशहर में खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के देवी मंदिर मार्ग स्थित चाइनिज व्यंजन के दुकानदार के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक युवक दुकानदार को पहले बाहर खींचकर ले जाता है। फिर दुकानदार व उसके कर्मचारी के साथ मारपीट करता है।
सोशल मीडिया पर दो मिनट 11 सेकेंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो देवी मंदिर स्थित दुकान के सीसीटीवी की है। इसमें दुकान पर कर्मचारी मोमोज व अन्य व्यंजन तैयार करता दिख रहा है। वहीं पर एक युवक दुकानदार से पहले बात करता है। इसके बाद जबरन बाहर खींचकर ले जाता है। फिर गाली देते हुए थप्पड़ मारना शुरू कर देता है। वहीं बीच बचाव करने आए कर्मचारी के साथ भी मारपीट करता है।
यह देख दुकान में मौजूद एक बच्चा डर से अंदर चला जाता है। हालांकि कुछ लोग दुकानदार को बचाने पहुंचते हैं तो आरोपी वहां से भाग जाता है। वीडियो वायरल होने के बाद लोग अलग-अलग टिप्प्णी कर रहे हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
