0
ब्राजीलियन मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय अभिनेत्री और गायिका लुआ ब्लैंको का 39 साल की उम्र में निधन हो गया है। लुआ पिछले कुछ समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उनके निधन की पुष्टि उनके भाई डेनियल ब्लैंको ने सोशल मीडिया के माध्यम से की है, जिसके बाद से उनके प्रशंसकों और सहकर्मियों के बीच शोक की लहर है। (जूम हिंदी पर ये भी पढ़ें: Justin Bieber की एक्स Sahara Ray ने दुनिया को कहा अलविदा, 34 साल की उम्र में मौत)
लुआ ब्लैंको के परिवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, उन्होंने अपने अंतिम समय में परिवार और दोस्तों के बीच शांति से इस दुनिया को अलविदा कहा। हालांकि, परिवार ने उनकी निजता का सम्मान करते हुए बीमारी से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। रियो डी जेनेरियो के ‘सिमेटेरियो वर्टिकल मेमोरियल डो कार्मो’ में उनके अंतिम संस्कार और प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया, जिसमें उनके करीबी परिजन शामिल हुए। (जूम हिंदी पर ये भी पढ़ें: मिस्टर चाइनाटाउन Randy See का 34 साल की उम्र में कार हादसे में निधन)
रेबेल्डे ब्राजील से मिली थी वैश्विक पहचान
लुआ ब्लैंको को मुख्य रूप से साल 2011 से 2012 के बीच प्रसारित हुए सुपरहिट टीनएज ड्रामा ‘रेबेल्डे ब्राजील’ में ‘रोबर्टा मेस्सी’ का किरदार निभाने के लिए जाना जाता है। इस शो ने उन्हें ब्राजील के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी लोकप्रियता दिलाई थी। वह इस शो से बने म्यूजिक बैंड ‘रेबेल्डेस’ की भी एक प्रमुख सदस्य थीं।
अभिनय के अलावा, लुआ का संगीत से गहरा नाता था। वह मशहूर ब्राजीलियन कंपोजर और बोस्सा नोवा लीजेंड बिली ब्लैंको की पोती थीं। मनोरंजन जगत में अपने करियर की शुरुआत करने से पहले, वह ‘लाग्रिमा फ्लोर’ नामक बैंड का हिस्सा थीं। ‘रेबेल्डे ब्राजील’ के अलावा उन्होंने ‘मलहाकाओ’ और ‘पेकाडो मोर्टल’ जैसे लोकप्रिय शोज में भी अपने अभिनय का लोहा मनवाया था। उनके निधन पर प्रशंसकों ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।
