पंजाबी सिंगर एकम बावा के खुलासों ने सोशल मीडिया पर कोहरामा मचा दिया है. एकम ने मनोज तिवारी की एक्स वाइफ रानी तिवारी संग सेपरेशन का ऐलान किया है. सिंगर ने रानी और उनकी बेटी रिति तिवारी को लेकर कई वीडियो शेयर किए थे. इन विवादित वीडियोज के बाद एकम और रानी के अलगाव की खबर सामने आई. एकम ने इसे अपनी पर्सनल विक्ट्री बताया और इस मौके पर एक गाना भी गाया.
रीति की मां से अलग हुए एकम
अपने लेटेस्ट इंस्टाग्राम वीडियो में एकम ने बताया कि तनाव से भरे दो सालों के बाद 30 अक्टूबर को उनका और रानी तिवारी का आधिकारिक तौर पर अलगाव हो गया. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की वजह से उनका केस जल्दी आगे बढ़ा. वीडियो के अंत में उन्होंने ‘अर्जन वैली’ गाना गाया.
एकम ने कहा- इसे कहते हैं सोशल मीडिया पावर. तीन-चार वीडियो क्या डाले सब कुछ ही हिल गया. आप लोगों ने इतना प्यार दिया. मैं इसे जीवन में कभी नहीं भूल पाऊंगा. 2 साल से मैं टॉर्चर झेल रहा था. अब मैं सारी चीजों से मुक्त हो गया हूं. आज मैं और रानी बिल्कुल सेपरेट हो गए हैं. अब मेरा रानी और रीति की फैमिली से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है. आप लोगों ने बहुत प्यार दिया. अब से एकम बावा खुलकर गाने गाएगा.
रिति तिवारी ने बिग बॉस 20 में दावा किया था कि उनके पिता मनोज तिवारी ने उन्हें कभी लाड़-प्यार नहीं दिया. ना ही महंगे तोहफे देकर बिगाड़ा. उन्होंने कहा था कि उन्हें रोजमर्रा के खर्च और बुनियादी जरूरतों के लिए भी संघर्ष करना पड़ा.
रिति के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए एकम बावा ने एक वीडियो शेयर किया. उन्होंने कहा- जिसके पास 4-5 लाख रुपये के हैंडबैग और पर्स हैं, उसके पास कई लग्जरी कारें भी हैं. सिर्फ रेंज रोवर का खर्च ही 2.5 से 3 लाख रुपये तक है. और आप 25 हजार रुपये की बात कर रही हैं? आपकी एक स्पोर्ट्स कंपनी भी है, जिसका टर्नओवर काफी ज्यादा है और बड़े-बड़े कलेक्टर भी उससे जुड़े हुए हैं. ये कंपनी कितने समय से चल रही है? उस पैसे का फायदा आपको भी मिलता है. आपके पास मुंबई में महंगे फ्लैट भी हैं. इतना पैसा कहां से आया? एकम ने कहा कि किसी को भी अपनी शादीशुदा जिंदगी में वो सब न झेलना पड़े, जो उन्होंने रानी तिवारी के साथ रिश्ते में झेला है.
मनोज तिवारी ने रानी तिवारी से अलग होने के बाद साल 2020 में सुरभि तिवारी से शादी की थी. बिग बॉस 20 में अपनी बड़ी बेटी रिति के बयानों पर मनोज तिवारी ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है. फिलहाल वो पत्नी सुरभि के साथ ‘धमाल विद पत्नी पत्नी और पंगा’ में नजर आने वाले हैं.
—- समाप्त —-
