विद्युत जामवाल की फिटनेस के कायल तो हम सब हैं, लेकिन अब उनके मुरीदों में WWE फाइटर कोडी रोड्स का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने ‘स्ट्रीट फाइटर’ से हॉलीवुड डेब्यू कर रहे विद्युत की जमकर तारीफ की है। कॉमेडियन एंड्रयू शुल्ज ने तो विद्युत को ‘इंडिया का जैकी चेन’ कह दिया है।

विद्युत जामवाल जबरदस्त मार्शल आर्टिस्ट भी हैं। ‘स्ट्रीट फाइटर’ में धलसिम के किरदार में रंगने के लिए उन्होंने खूब मेहनत की भी की है। हाल ही उन्होंने अपने एक इंटेंस वर्कआउट का वीडियो भी शेयर किया था। इसमें वह कलारीपयट्टू से जुड़ा कठिन एक्सरसाइज करते नजर आए। जबकि फिल्म से जुड़े एक हालिया इवेंट में 45 साल के एक्टर ने 15 मिनट सांस रोककर और 20 मिनट तक बिना पलक झपकाकर सबको दंग कर दिया था।
WWE रेसलर कोडी रोड्स ने विद्युत को बताया ‘GOAT’
फिल्म में विद्युत जामवाल के को-स्टार और मशहूर रेसलर कोडी रोड्स ने यूट्यूब पॉडकास्ट ‘फ्लैग्रेंट’ पर एक्टर की तारीफ की है। उन्होंने विद्युत को ‘GOAT’ यानी अपने क्षेत्र के सर्वश्रेष्ठ लोगों में से एक बताया। उन्होंने याद किया कि फिल्म के ट्रेलर से जुड़े एक इवेंट में विद्युत उनके लिए प्रार्थना कर रहे थे। कोडी ने उनके बालों और लुक की भी तारीफ की और कहा कि वह बेहद शानदार इंसान हैं। कोडी ने कहा कि विद्युत से मिलने के बाद वह इतने प्रभावित हुए थे कि उन्होंने अपनी पत्नी ब्रांडी को फोन करके उनके बारे में बताया। कोडी ने विद्युत को दुनिया के ‘सबसे हैंडसम लोगों में से एक’ भी कहा है।
कॉमेडियन एंड्रयू शुल्ज ने विद्युत को बताया- इंडिया का जैकी चेन
पॉडकास्ट में मौजूद कॉमेडियन एंड्रयू शुल्ज ने भी विद्युत की तारीफ की। उन्हें असल जिंदगी में एक ‘साधु’ जैसा बताया। कहा, ‘विद्युत एक बेहद दिलचस्प इंसान हैं और उनकी फिटनेस कमाल की है। मैं फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके साथ डिनर करता था।’ एंड्रयू ने बातचीत के दौरान विद्युत जामवाल की तुलना मार्शल आर्ट्स के दिग्गज जैकी चैन से करते हुए कहा, ‘वह भारत के जैकी चैन जैसे हैं।’
विद्युत ने कोडी रोड्स को दिया खास तोहफा
कोडी रोड्स ने बताया कि विद्युत जामवाल ने फिल्म की शूटिंग के आखिरी दिन उन्हें एक साख तोहफा दिया। यह हाथ से लिखा एक नोट और धलसिम के किरदार द्वारा पहने जाने वाला खोपड़ी वाला नेकलेस था। विद्युत ने यह तोहफा कोडी की बस में रखवाया था। इसके अलावा उन्होंने कोडी को दो अलग-अलग शॉल भी दिए, क्योंकि फिल्म की शूटिंग के दौरान कोडी की बेटी का जन्म हुआ था। कोडी ने विद्युत के इस व्यवहार को याद करते हुए उन्हें बेहद दयालु और अच्छा इंसान बताया।
‘स्ट्रीट फाइटर’ का ट्रेलर
16 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘स्ट्रीट फाइटर’
विद्युत जामवाल की फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ इसी महीने 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज हो रही है। वह इसमें धलसिम का किरदार निभा रहे हैं, जो इसी नाम के पॉपुलर वीडियो गेम की दुनिया में योग और खास युद्ध कौशल के लिए जाना जाता है। भारत में यह फिल्म अंग्रेजी के साथ ही हिंदी, तमिल और तेलुगु डब वर्जन में रिलीज होगी।

