वायरल तस्वीरों की सच्चाई और फैक्ट चेक
इन वायरल दावों की पड़ताल के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि ये तस्वीरें पूरी तरह से भ्रामक हैं। एबीसी 10 न्यूज की एक फैक्ट चेक रिपोर्ट में इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें फर्जी बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरें या तो एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के जरिए तैयार की गई थीं या फिर उनके साथ डिजिटल छेड़छाड़ की गई थी। जेडेन स्मिथ या मिशेल लैमी की ओर से इस तरह के किसी भी रिश्ते या सगाई की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
अफवाहों का यह सिलसिला 9 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के साथ शुरू हुआ था। उस पोस्ट में दावा किया गया था कि जेडेन, मिशेल लैमी के घर उनसे मिलने पहुंचे थे। इसी जानकारी को आधार बनाकर कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स ने इसे एक रोमांटिक रिश्ते और सगाई की कहानी का रूप दे दिया, जिसके बाद फर्जी तस्वीरों का दौर शुरू हुआ।
कौन हैं मिशेल लैमी और जेडेन स्मिथ?
मिशेल लैमी फ्रांस की एक प्रतिष्ठित फैशन उद्यमी और कलाकार हैं, जो अपने विशिष्ट फैशन सेंस, सोने के दांतों और बड़े डिजाइनर गहनों के लिए पहचानी जाती हैं। फैशन की दुनिया में आने से पहले उन्होंने कानून की पढ़ाई की थी और एक वकील के रूप में भी काम किया है। व्यक्तिगत जीवन की बात करें तो मिशेल ने वर्ष 2006 में अमेरिकी फैशन डिजाइनर रिक ओवेन्स से शादी की थी और दोनों मिलकर ‘ओवेन्सकॉर्प’ नामक कंपनी का संचालन करते हैं।
वहीं, जेडेन स्मिथ ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2006 में फिल्म ‘द परस्यूट ऑफ हैप्पीनेस’ से की थी, जिसमें वह अपने पिता विल स्मिथ के साथ नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने ‘द कराटे किड’ जैसी फिल्मों और संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाई। फिलहाल, इन दोनों के बीच किसी भी प्रकार के निजी संबंध होने की खबरों का कोई आधार नहीं है और इन्हें केवल सोशल मीडिया पर फैलाई गई अफवाह माना जा रहा है।
