विनोद कांबली का ओल्ड एज होम से वीडियो वायरल (IANS)
मुंबई: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इंटरनेट पर उनका एक नया वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया है. इस वीडियो में वे एक ओल्ड एज होम में नजर आ रहे हैं. सचिन तेंदुलकर के दोस्त विनोद कांबली को ऐसी हालत में देखकर फैंस काफी चिंतित हैं. हालांकि, वायरल वीडियो में विनोद कांबली खुद ओल्ड एज होम की सुविधाओं और अच्छे माहौल की तारीफ करते दिख रहे हैं.
विनोद कांबली ने क्या कहा?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विनोद कांबली ओल्ड एज होम के बारे में बात करते दिख रहे हैं. वो बता रहे हैं कि अभी उनका इलाज चल रहा है. लेकिन ओल्ड एज होम की सुविधाएं बहुत अच्छी हैं. उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं की भी तारीफ की और कहा कि साफ-सफाई और बाकी सब कुछ बहुत अच्छा है. उन्हेंने ये भी कहा, ‘यहां रहते हुए मुझे कभी ऐसा नहीं लगता कि मैं घर से दूर हूं. मुझे यहां के लोगों से बहुत प्यार और सम्मान मिलता है.’
ओल्ड एज होम के मालिक ने क्या कहा?
वीडियो वायरल होने के बाद निदान-द मुक्ति नाम के ओल्ड एज होम के मालिक महेश नाइक ने ईटीवी भारत से बात की, और विनोद कांबली के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि पिछले साल विनोद कांबली को हमारे यहां भर्ती कराया गया था. वे पांच-छह महीने हमारे साथ रहे. हमने उनकी फिजियोथेरेपी और अन्य जरूरी इलाज किए. जब वे हमारे पास आए थे, तो वे ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे. लेकिन हमारे इलाज का उन पर अच्छा असर हुआ.
महेश नाइक ने आगे कहा, ‘विनोद कांबली को डायबिटीज भी है. इलाज के दौरान हमें खास सावधानी बरतनी पड़ती है क्योंकि उनका ब्लड शुगर लेवल हाई रहता है. अभी उनकी पत्नी उन्हें घर ले गई हैं. जब वे हमारे साथ रहते हैं तो बहुत खुश रहते हैं. असल में, जिस अस्पताल में उनका इलाज हुआ था, उन्होंने ही उन्हें हमारे पास भेजा था. विनोद कांबली हमारे लिए हीरो हैं. वे जब तक चाहें, बिना किसी पैसे के यहां रह सकते हैं. हम उनके इलाज का खर्च भी उठाएंगे. हमें अपने हीरो के प्रति सम्मान व्यक्त करने का मौका मिल रहा है, यह सबसे संतोषजनक बात है.’
सचिन तेंदुलकर के दोस्त विनोद कांबली (AFP)
विनोद कांबली कई सालों से बिमार हैं
कांबली के इस वीडियो ने क्रिकेट फैंस के बीच काफी चिंता पैदा कर दी है. कई लोग उनकी हालत पर दुख जता रहे हैं, जबकि कुछ उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र के लिए प्रार्थना कर रहे हैं. विनोद कांबली अपनी बीमारी, आर्थिक तंगी और निजी जीवन की समस्याओं के कारण कुछ समय से चर्चा में रहे हैं. बिना सहारे के चल न पाने वाले उनके पिछले वीडियो वायरल हो गए थे, जिससे भारतीय क्रिकेट फैंस बहुत दुखी हुए.
भारत के लिए 17 टेस्ट मैच खेले
विनोद कांबली का क्रिकेट करिया ज्यादा लंबा नहीं चल सका. लेकिन वो जब तक भी खेले तब तक शानदार खेल का प्रदर्शन किया. उन्होंने भारत के लिए 17 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने लगभग 54 के शानदार औसत से 1,084 रन बनाए और चार शतक जड़े. वह 1,000 टेस्ट रन पूरे करने वाले सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज भी हैं. वनडे मैचों में, कांबली ने 104 मैच खेले और लगभग 32 के औसत से 2477 रन बनाए। इसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं.
