अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजिलिस में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां नॉर्थ हॉलीवुड में मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ पर चल रहे लोगों को एक तेज रफ्तार सफेद एसयूवी ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। लॉस एंजिलिस अग्निशमन विभाग (एलएएफडी) ने इसकी जानकारी दी।
लॉस एंजिलिस पुलिस विभाग (एलएपीडी) के मुताबिक, व्यस्त चौराहे पर शाम करीब छह बजे से ठीक पहले एक सफेद एसयूवी ने कम से कम पांच लोगों को टक्कर मारी। अधिकारियों ने बताया कि कम से कम तीन लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें वाहन का चालक भी शामिल है।
हादसा जानबूझकर किया या दुर्घटनावश? जांच जारी
फिलहाल अभी तक हादसे की वजह सामने नहीं आई है। अधिकारियों ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है। मंगलवार रात आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एलएपीडी के कैप्टन वार्नर कैस्टिलो ने कहा, ‘हमें नहीं पता कि यह जानबूझकर किया गया था या दुर्घटनावश हुआ।’
कैस्टिलो के मुताबिक, एसयूवी चालक की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। उसकी उम्र 60 साल के आसपास है। अधिकारियों ने यह पता लगाने के लिए उसकी चिकित्सकीय जांच शुरू की है कि कहीं वह नशे के प्रभाव में तो वाहन नहीं चला रहा था।
मृतकों में सड़क किनारे सामान बेचने वाले और राहगीर शामिल
लॉस एंजिलिस की मेयर करेन बास ने बताया कि हादसे के शिकार लोगों में सड़क किनारे सामान बेचने वाले विक्रेता और राहगीर शामिल हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना पर दुख जताया। मेयर ने लिखा, ‘इस हादसे से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों के लिए मेरा दिल दुखी है।’
वहीं, एलएपीडी के प्रमुख जिम मैकडॉनेल ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच लंबी चलेगी, लेकिन इसे बेहद सावधानी और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह दुर्घटना थी या जानबूझकर लोगों को निशाना बनाया गया था।
