एक्टर और ‘बिग बॉस 20’ के कंटेस्टेंट आसिफ खान की पत्नी ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर की है. उन्होंने पोस्ट में आसिफ की हेल्थ को लेकर जानकारी दी. ये पोस्ट उस हालिया विवाद के बाद आया है, जिसमें काजी तौकीर ने बहस के दौरान हार्ट अटैक की नकल की थी.
आसिफ खान की पत्नी ने गुरुवार को लिखा, ‘हां, आसिफ को हार्ट अटैक आया था, सिर्फ 34 साल की उम्र में. ये सोचकर मेरा दिल टूट जाता है कि अब मुझे उनके मेडिकल रिपोर्ट सार्वजनिक करने पड़ रहे हैं. ताकि ये साबित किया जा सके कि उन्होंने जो कुछ झेला, वो सच था. मैंने कभी नहीं सोचा था कि लोगों को विश्वास दिलाने के लिए इतनी निजी बात को सार्वजनिक करना पड़ेगा.’
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब आसिफ ने शुरुआत में कहा था कि उन्हें हार्ट अटैक नहीं, बल्कि जीईआरडी हुआ था, तो इसके पीछे डर था. उन्हें चिंता थी कि अगर लोगों को उनकी सीरियस हेल्श ईश्यू के बारे में पता चला तो इसका असर उनके काम पर पड़ सकता है.
उन्होंने लिखा, “एक ऐसे इंडस्ट्री में, जहां मौके अनिश्चित होते हैं, खासकर बिना किसी मजबूत सपोर्ट के, ये डर बिल्कुल वास्तविक था.”
आसिफ के अस्पताल में भर्ती रहने के दिनों को याद करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं कभी नहीं भूल सकती कि डॉक्टरों ने बताया था कि उनकी मुख्य कोरोनरी धमनी पूरी तरह ब्लॉक हो गई है. आईसीयू, स्टेंट और वह पल भी नहीं भूल सकती, जब मैं अपने पति को गले लगाकर संभाल रही थी और वह अपने सपनों के भविष्य को खो देने के डर से रो रहे थे.’

हार्ट अटैक से हुई थी आसिफ के पिता की डेथ
उन्होंने बताया कि आसिफ ने बचपन में अपने पिता को भी हार्ट अटैक के कारण खो दिया था. ऐसे में खुद हार्ट अटैक से बचने के बाद उनके मन में वही पुराना दर्द और अपने परिवार को छोड़ जाने का डर फिर से लौट आया था.
आसिफ की पत्नी ने इस बात पर निराशा जताई कि उनके हेल्थ ईश्यू का मजाक बनाया गया. उन्होंने कहा, ‘ये मामला आलोचना से कहीं आगे बढ़ चुका है. हमें गंदी गालियां मिली है, आसिफ को जान से मारने की धमकियां दी गई हैं और हमारे परिवार की महिलाओं को दुष्कर्म की धमकियां भी मिली हैं. इसकी कोई भी वजह उचित नहीं ठहराई जा सकती.’
उन्होंने लिखा, ‘बिग बॉस एक एंटरटेनमेंट बेस्ड रियलिटी शो है, लेकिन मनोरंजन कब क्रूरता का बहाना बन गया? मतभेद कब किसी की जान को खतरे में डालने या उसके परिवार को निशाना बनाने का कारण बन गए?’
शो में क्या हुआ था?
हालिया एपिसोड में काजी तौकीर ने अपना फेमस डांस स्टेप किया था. इस पर आसिफ खान ने उसे उबाऊ बताते हुए उन्हें बंदर की तरह हरकत करने को कहा. इसके बाद दोनों के बीच बहस बढ़ गई. विवाद तब गंभीर हो गया, जब काजी ने कथित तौर पर हार्ट अटैक आने की नकल की, जिससे आसिफ काफी आहत हो गए.
