Amroha News: थाना रहरा क्षेत्र के गांव चंदनपुर खादर निवासी शमशेर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह कुछ लोगों पर जमीन के नाम पर पांच लाख रुपये लेने व रकम दोगुनी करके लौटाने का भरोसा देकर रुपये हड़पने का आरोप लगा रहा है। हालांकि, हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। पीड़ित शमशेर के मुताबिक, आरोपियों की बातों पर विश्वास करते हुए उसने पांच लाख रुपये दे दिए थे। करीब एक सप्ताह बाद उसे कथित तौर पर जानकारी हुई कि जिन पैसों को जमीन से संबंधित बताया गया था, उनका संबंध नदी की भूमि से है।
इसके बाद शमशेर ने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। शमशेर का आरोप है कि रकम वापस मांगने का दबाव बढ़ाने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने तथा हत्या कराने की धमकियां दी जा रही हैं। वीडियो में उसने अपनी जान को खतरा बताते हुए कहा कि उसे आशंका है कि उसके साथ कोई गंभीर वारदात हो सकती है। वायरल वीडियो में शमशेर ने अधिकारियों से हस्तक्षेप की गुहार लगाते हुए कहा कि इस मामले में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई और पैसा वापस नहीं मिला तो वह सुसाइड कर लेगा। बताया जा रहा है कि मामला संज्ञान में आने पर पुलिस ने पीड़ित व आरोपी पक्ष के बीच वार्ता कराई है। रहरा थानाध्यक्ष अमित तोमर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच वार्ता हुई है। तीन दिन के भीतर समस्या का निस्तारण होने की उम्मीद है।
