जागरण संवाददाता, गयाजी। बिहार-झारखंड सीमा पर चांपी पहाड़ी घूमने गए एक युवक-युवती के साथ मारपीट और बदसलूकी का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद गया पुलिस ने संज्ञान लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि जांच में वीडियो शेरघाटी और झारखंड के हंटरगंज थाना क्षेत्र के चांपी पहाड़ी का पाया गया है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
वीडियो के आधार पर दो युवक गिरफ्तार
एसएसपी के अनुसार प्रसारित वीडियो की जांच के बाद मारपीट और बदसलूकी में शामिल बताए जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर शेरघाटी थाना लाया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों के नाम फिलहाल पुलिस ने सार्वजनिक नहीं किए हैं। वीडियो में कुछ अन्य युवक भी नजर आ रहे हैं, जिनकी पहचान की जा रही है।
अन्य आरोपितों की पहचान के लिए विशेष टीम
मामले की पूरी जांच के लिए ग्रामीण एसपी दिव्यांजलि के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवकों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है। एसएसपी ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि प्रसारित वीडियो किस तारीख का है।
घूमने गए युवक-युवती को रोकने का आरोप
जानकारी के अनुसार गुरुआ निवासी एक युवक अपनी महिला मित्र के साथ महुआडीह पहाड़ी के पास घूमने गया था। इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को रोक लिया। आरोप है कि उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा गाली-गलौज और मारपीट भी की गई।
वाहन की चाबी छीनने और रोककर रखने का आरोप
मामले से जुड़ी जानकारी के अनुसार युवकों ने युवक की गाड़ी की चाबी भी छीन ली। वाहन के टायर की हवा निकालने और प्लग निकालने की बात भी वीडियो को लेकर सामने आई है। आरोप है कि युवक-युवती को काफी देर तक मौके पर रोके रखा गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी चर्चा
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई। पुलिस अब वीडियो के अलावा उससे जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों और इंटरनेट मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है। मामले में गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ के साथ अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस की जांच में सामने आएगी पूरी तस्वीर
गया पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई दे रहे सभी लोगों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। इसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों को जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
