सलमान खान इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. एक तरफ वह ‘Bigg Boss 20’ को होस्ट कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनके शर्टलेस मोमेंट को लेकर भी खूब चर्चा हो रही है. कुछ समय पहले सलमान ने शो के ‘वीकेंड का वार’ में अपनी शर्ट उतारकर अपना रियल फिजीक दिखाया था. इसके बाद इंटरनेट पर उनके लुक और बॉडी को लेकर हो रही ट्रोलिंग पर भी खूब बातें हुईं.
अब सलमान ने खुद खुलासा किया है कि आखिर उन्होंने उस वक्त शर्ट क्यों उतारी थी. एक्टर ने साफ कर दिया कि उनका मकसद अपने 6-पैक एब्स दिखाना बिल्कुल नहीं था.
‘अभी 6 पैक नहीं है’, सलमान ने बताया क्यों उतारी शर्ट
सलमान ने कहा कि जब उन्होंने शो में शर्ट उतारी थी, तब वह पूरी तरह फिट नहीं थे. उन्होंने यह भी माना कि फिलहाल उनकी परफेक्ट फिजीक नहीं है और उन्हें वापस शेप में आने में अभी थोड़ा वक्त लगेगा.
सलमान ने कहा- जब शर्ट उतारी थी मैंने, मैंने इसलिए उतारा था कि नहीं है अभी 6 पैक. अब उनको पता नहीं बॉडी अच्छी लग गई. अभी नहीं है. अभी टाइम है उसके लिए. 1-2 महीने हैं. वर्क इन प्रोग्रेस है ये अभी. सलमान का कहना है कि वह अपनी बॉडी को लेकर किसी तरह का दिखावा नहीं कर रहे थे. वह अभी अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं और आने वाले 1-2 महीनों में फिर से शेप में आने की उम्मीद कर रहे हैं.
‘फिट होकर नहीं, अनफिट में दिखाया मैंने’
सलमान ने अपनी बात को और साफ करते हुए बताया कि उन्होंने जानबूझकर पूरी तरह फिट होने का इंतजार नहीं किया. उन्होंने कहा- ऐसा नहीं है कि फिट हो गया हूं, तो दिखाया. अनफिट में दिखाया मैंने. सलमान के इस बयान का मतलब साफ है कि वह फैंस को अपनी रियल बॉडी दिखाना चाहते थे, न कि सिर्फ तब सामने आना चाहते थे जब उनकी बॉडी पूरी तरह शेप में आ जाए.
60 की उम्र में भी फिटनेस को लेकर इतने सीरियस हैं सलमान
सलमान खान 60 साल के हो चुके हैं, लेकिन फिटनेस को लेकर उनकी दीवानगी आज भी बरकरार है. उनके लंबे समय से फिटनेस ट्रेनर रहे राकेश आर. उडियार ने पहले बताया था कि सलमान की फिटनेस रूटीन के पीछे तीन चीजें अहम हैं- डिसिप्लिन, डेडिकेशन और डिटरमिनेशन.
ट्रेनर के मुताबिक, सलमान 30 साल से भी ज्यादा समय से अपनी फिटनेस रूटीन को लगातार फॉलो करते आ रहे हैं. उन्होंने यह भी बताया था कि एक समय सलमान एक साथ 10 एक्सरसाइज करते थे और हर एक्सरसाइज के कम से कम 20 रिपीटेशन करते थे. राकेश का कहना था कि सलमान अगर किसी एक एक्सरसाइज के 2-3 सेट भी करते थे, तो वह भी काफी ज्यादा होता था.
राकेश ने सलमान की ताकत की तारीफ करते हुए यहां तक कहा था कि कोई यंग एक्टर भी बेंच प्रेस में सलमान को हरा नहीं पाएगा. उन्होंने कहा था- वह बहुत स्ट्रॉन्ग हैं.
सलमान ने AI वीडियो बनाने वालों पर भी निकाली भड़ास
‘Bigg Boss 20’ के लेटेस्ट एपिसोड में सलमान ने सोशल मीडिया ट्रोलिंग और AI से बनाए जा रहे फेक कंटेंट पर भी बात की. उन्होंने कहा- किसी ने आपकी AI वॉइस लेके डब करके किसी को गाली बक दी। यू नो व्हाट दे आर डूइंग? AI वीडियोज बना रहे हैं ये. बहुत सारे लोगों के और ईवन आई एम देयर इन AI वीडियो.”
सलमान ने आगे कहा- तो चलो, कुछ लोग जिनको पता नहीं है कि ये AI है, वो पोस्ट कर देंगे ये कि सलमान खान वहां पे था. लेकिन जिनको ये बात पता है, जिन्होंने ये वीडियो बनाया है, व्हाट काइंड ऑफ पीपल आर दे? अब उन लोगों को पीछे सलाखों के पीछे डाल देना चाहिए. जब तक कोई एक-आध, दो ऐसा अंदर जाएगा नहीं ना, तब तक ये रुकने वाला नहीं है.
एक्टर ने साफ तौर पर AI का इस्तेमाल करके फेक वीडियो बनाने और किसी की आवाज का गलत इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही. फिलहाल सलमान का शर्टलेस मोमेंट और उनका ‘अभी 6 पैक नहीं है’ वाला बयान सोशल मीडिया पर चर्चा में है. एक्टर ने साफ कर दिया है कि उनकी फिटनेस अभी ‘वर्क इन प्रोग्रेस’ है और वह खुद भी इसे लेकर पूरी तरह ईमानदार हैं.
—- समाप्त —-
