नई दिल्ली. बिग बॉस के हर बीतते एपिसोड के साथ घर में घमासान और बढ़ते जा रहा है. वीकेंड का वार से पहले ही बिग बॉस के लेटेस्ट एपिसोड में ढेर सारा ड्रामा और एंटरटेनमेंट देखने को मिला. बीते शुक्रवार के एपिसोड में मनोज तिवारी की बेटी रीति का बिग बॉस 20 का सफर खत्म हो गया. वो शो से बाहर हो गईं लेकिन उन्हें जाता देखकर भोजपुरी सुपरस्टार आम्रपाली दुबे का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वहीं दूसरे तरफ बिग बॉस के घर को नया कप्तान मिला. इस हफ्ते घर के कामकाज बांटने की कमान उदिति के हाथों में है.
उदिति सिंह बिग बॉस की नई कप्तान बनीं.
बिग बॉस ने घर से एक सदस्य को बेघर करने के लिए नॉमिनेशन करने को कहा. उन्होंने नॉमिनेशन का झंडा खड़ा किया. बिग बॉस ने कैप्टंसी के तीन दावेदार यंग, माही और उदिति से एक-एक कंटेस्टेंट को नॉमिनेट करने को कहा था. साथ ही इन तीनों को बताया गया था कि रीति और स्काउट के पास एक ही लाइफलाइफ बची है और ऐसे में वो जिसका नाम लेंगे वो सीधे घर से बेघर हो जाएगा.
रीति तिवारी हुईं बिग बॉस से बाहर
बिग बॉस के आदेश का पालन करते हुए कप्तानी के दावेदारों ने मिलकर रीति तिवारी का नाम लिया जिसके साथ मनोज तिवारी की लाडली का सफर बिग बॉस में खत्म हो गया. जैसे ही तीनों ने नाम बताया कि वो रीति को घर से बाहर करने के लिए नॉमिनेट कर रहे हैं, वैसे ही आम्रपाली दुबे रो पड़ी. रीति तिवारी का नाम सुनते ही आम्रपाली के आंसू छलक पड़े.
आम्रपाली दुबे हुईं इमोशनल
आम्रपाली दुबे ने रोते-रोते रीति तिवारी को घर से विदा किया. साथ ही उन्होंने कहा कि वो बिग बॉस से निकलने के बाद उनसे जरूर मिलेंगी. वहीं दूसरी तरफ आम्रपाली खुद को दोष देने लग जाती हैं. वो कहती हैं कि उन्हें रीति को नॉमिनेट नहीं करना चाहिए था. वहीं बाकी घर वाले उन्हें समझाते हैं कि ये एक गेम शो है और हर कोई यहां अपना गेम खेलने आया है. आम्रपाली ने रीति को नॉमिनेट कर कुछ गलत नहीं किया है.
उदिति सिंह और लव गिल में हुई बहस
अब दूसरी तरफ घर के अंदर उदिति सिंह और लव गिल के बीच तीखी बहस छिड़ गई. दोनों के बीच छोटी सी बात को लेकर गरमा-गरमी हो गई. उदिति ने लव गिल पर आरोप लगाए कि वो घर में फेक पर्सनैलिटी लेकर घूम रही हैं. एक्ट्रेस ने कहा कि गुल्लू के साथ लव गिल की बॉन्डिंग भी फेक है. उन्होंने लव पर आरोप लगाया कि वो जबरदस्ती गुल्लू से रिश्ता जोड़ रही हैं. इस बीच दोनों एक्ट्रेसेस में तीखी बहस छिड़ी.
