स्मृति ईरानी के 2024 के सऊदी अरब के सरकारी दौरे की तस्वीरों को हालिया बताकर वायरल किया जा रहा है। उस वक्त स्मृति ईरानी केंद्रीय मंत्री थीं।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की दो तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। इन तस्वीरों के साथ दावा किया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में सऊदी अरब के मदीना का दौरा किया है। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कुछ यूजर्स इन तस्वीरों को वायरल करते हुए इन्हें स्मृति ईरानी के हालिया दौरा का बता रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह भ्रामक साबित हुई। वर्ष 2024 की शुरुआत में स्मृति ईरानी सऊदी अरब के सरकारी दौरे पर गई थीं। उस वक्त स्मृति ईरानी भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री थीं। अपने दो दिवसीय सऊदी अरब की यात्रा के दौरान वह मदीना भी गई थीं। उस वक्त उन्होंने भारतीय हज वॉलंटियर्स और भारतीय नागरिकों से बातचीत की थी।
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर ‘Pankaj Bhatnagar’ नाम के यूजर ने 7 अक्टूबर 2026 को स्मृति ईरानी की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “दोस्तों स्मृति ईरानी मदीना में गई, जहा गैर मुसलमान नहीं जा सकते, वो साड़ी बिंदी में गई, न सर ढका। अमेरिका के राष्ट्रपति की पत्नी को भी हिजाब पहना दिया था शेखों ने। स्मृति इरानी की ये यात्रा इसलिए ध्यान खींच रही है क्योंकि सऊदी अरब में महिलाएं बिना हिजाब के घरों से नहीं निकलती हैं। दूसरी और मदीना और मक्का जाने के लिए भी गैर मुस्लिमों पर कई रुकावटें हैं। तीन साल पहले तक तो सभी गैर मुस्लिमों की मक्का और मदीना में एंट्री बैन थी। #आजमोदीजीनेदेशकोएकसाइलन्टसुपरपावरबनादिया हैयेसमझनेवालेसमझसकतेहै…इधर पाकिस्तान में इस बात को लेकर सबके पेट में बहुत दर्द है और अरब के प्रिंस को कोस रहे हैं।”

वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई सोशल मीडिया यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की सच्चाई पता लगाने के लिए सबसे पहले दोनों तस्वीरों को गूगल लेंस टूल पर सर्च किया।
पहली तस्वीर
सर्च के दौरान पहली तस्वीर हमें ‘कश्मीर न्यूज सर्विस’ की वेबसाइट पर 8 जनवरी 2024 की एक खबर में मिली। खबर में बताया गया है कि तत्कालीन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी उस वक्त मदीना गई थीं। खबर के अनुसार, “केंद्रीय महिला एवं बाल विकास और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन ईरानी, विदेश एवं संसदीय मामलों के राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन के साथ सऊदी अरब के मदीना की ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना हुईं। यह अभूतपूर्व यात्रा पहली बार है, जब किसी गैर-मुस्लिम प्रतिनिधिमंडल का मदीना में स्वागत किया गया है, जो भारत-सऊदी अरब द्विपक्षीय संबंधों की विशिष्टता को रेखांकित करता है।”

दूसरी तस्वीर
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दूसरी तस्वीर को गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। यह तस्वीर हमें ‘इंडिया टुडे’ की वेबसाइट पर एक खबर में मिली। 9 जनवरी 2024 की इस खबर में बताया गया कि दो दिवसीय सऊदी अरब दौरे पर आईं केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री स्मृति ईरानी ने मदीना में हज यात्रियों को सेवा प्रदान करने वाले लोगों से मुलाकात की और भारत से आए उमराह तीर्थयात्रियों से बातचीत की।

सर्च के दौरान यह तस्वीर हमें ‘द हिंदू’ की वेबसाइट पर भी मिली। इसे 9 जनवरी 2024 को एक खबर में प्रकाशित करते हुए बताया गया था कि केंद्रीय मंत्री ने अपनी सऊदी अरब की यात्रा के दौरान मदीना शहर का भी दौरा किया।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए स्मृति ईरानी के एक्स हैंडल पर 2024 के उनके दो दिवसीय सऊदी अरब दौरे से जुड़ी पोस्ट को सर्च करना शुरू किया। इसके लिए एक्स एडवांस टूल का इस्तेमाल किया गया। सर्च के दौरान हमें दो एक्स पोस्ट मिलीं, जिन्हें 7 और 8 जनवरी 2024 को शेयर किया गया था।
विश्वास न्यूज ने जांच के दौरान ‘दैनिक जागरण’ में विदेश मामले कवर करने वाले विशेष संवाददाता जय प्रकाश रंजन से संपर्क किया। उन्होंने इन तस्वीरों को पुराना बताया।
क्या है संदर्भ?
भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को अगस्त में बड़ी जिम्मेदारी देते हुए पार्टी का महामंत्री बनाया है। 2024 के आम चुनाव में कांग्रेस के केएल शर्मा ने स्मृति ईरानी को हराया था। इससे पहले उन्होंने अमेठी से राहुल गांधी को हराया था। अमर उजाला की 17 अगस्त 2026 की खबर में इस बारे में पढ़ा जा सकता है।
पड़ताल के अंत में विश्वास न्यूज ने तस्वीर को भ्रामक दावे के साथ अपलोड करने वाले यूजर की जांच की। हमें पता चला कि यूजर हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है। फेसबुक पर इसे पांच हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यह अकाउंट अक्टूबर 2010 में बनाया गया था।
निष्कर्ष: न्यूज की जांच में वायरल पोस्ट भ्रामक साबित हुई। स्मृति ईरानी के 2024 के सऊदी अरब के सरकारी दौरे की तस्वीरों को हालिया बताकर वायरल किया जा रहा है। उस वक्त स्मृति ईरानी केंद्रीय मंत्री थीं।

- Claim Review : स्मृति ईरानी मदीना के दौरे पर हैं
- Claimed By : FB User Pankaj Bhatnagar
- Fact Check : भ्रामक
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें



