नाना पाटेकर का खाना परोसने वाला वीडियो साल 2022 का है, जब उन्होंने कुछ वर्कर्स को मटन पकाकर खिलाया था। वहीं, अंतिम संस्कार के वायरल हो रहे दोनों ही वीडियो अन्य अभिनेताओं के हैं, जिन्हें अब गलत दावे के साथ नाना पाटेकर का बताकर वायरल किया जा रहा है।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। 8 अक्टूबर 2026 को 75 वर्षीय बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर का निधन उनके गोवा स्थित घर में कार्डियक अरेस्ट की वजह से हो गया। उनके अंतिम संस्कार और आखिरी पलों के वीडियो के दावे के साथ कई पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक वीडियो में नाना पाटेकर को खाना परोसते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह उनका आखिरी वीडियो था। वहीं, अंतिम संस्कार के दो वीडियो शेयर कर उन्हें नाना पाटेकर के आखिरी समय का बताते हुए वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में सभी वायरल दावों को गलत पाया। खाना बनाने वाला नाना पाटेकर का वीडियो साल 2022 का है, जब उन्होंने कुछ वर्कर्स को मटन पकाकर खिलाया था। वहीं, उनके अंतिम संस्कार के नाम पर वायरल हो रहे दोनों ही वीडियो अन्य अभिनेताओं के हैं, जिन्हें गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Nirbhay kashyap’ ने 9 अक्टूबर 2026 वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “नाना पाटेकर का आखिरी वीडियो ..मुस्कान के साथ सबके लिए स्वादिष्ट खाना परोसना! खुली जगह पर साथ मिलकर भरपेट खाना खाने का मज़ा ही कुछ और है। आप इस दावत में किसे बुलाना चाहेंगे?”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर ‘Dheeraj Valmiki’ ने 9 अक्टूबर 2026 को अंतिम संस्कार का एक वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “नाना पाटे कर अंतिम वीडियो।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर ‘Sneha Swami’ ने 8 अक्टूबर 2026 को अंतिम संस्कार का एक अन्य वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “नाना पाटेकर को अंतिम विदाई… 75 की उम्र में दिग्गज अभिनेता का निधन।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल हो रहे इन सभी वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने सबकी अलग-अलग पड़ताल की।
पहला वीडियो
पहले वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कीफ्रेम निकालकर गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें यह वीडियो ‘Zoom TV’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल और ‘Pinkvilla’ के आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किया हुआ मिला। इसे 19 मई 2022 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, नाना पाटेकर ने वर्कर्स को मटन बनाकर खिलाया था।
https://www.facebook.com/watch/?v=701939237684217
दूसरा वीडियो
दूसरे वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कीफ्रेम भी निकालकर गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें इस वीडियो से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘दैनिक भास्कर’ की वेबसाइट पर मिली। इस रिपोर्ट को 25 सितंबर 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “’वेलकम’ और ‘आशिकी’ जैसी फिल्मों में काम करने वाले एक्टर मुश्ताक खान का 75 साल की उम्र में फेफड़ों के कैंसर की वजह से निधन हो गया। जुमे की नमाज के बाद उनके जनाजे की नमाज अदा की गई। फिर यारी रोड कब्रिस्तान में मुश्ताक को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।”

तीसरा वीडियो
तीसरे वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कीफ्रेम निकाले और उन्हें भी गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें इस वीडियो का लंबा वर्जन ‘Zoom News’ के यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 5 अगस्त 2026 को अपलोड किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो अभिनेता प्रदीप रावत की अंतिम विदाई का है। उनके परिवार, करीबी दोस्त और कई फिल्मी हस्तियां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए इकट्ठा हुए थे। वीडियो में 41:15 मिनट से वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई में एंटरटेनमेंट के सीनियर जर्नलिस्ट पराग छापेकर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि सभी वायरल दावे गलत हैं। ये वीडियो नाना पाटेकर के अंतिम संस्कार के नहीं हैं और मटन बनाकर खाना परोसने वाला उनका वीडियो भी काफी पुराना है।
क्या है संदर्भ?
दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर 2026 को 75 साल की उम्र में निधन हो गया। गोवा स्थित उनके घर में कार्डियक अरेस्ट आने के बाद उन्हें करीब 45 मिनट तक CPR दी गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। नाना पाटेकर का पार्थिव शरीर पुणे लाया गया, जहां डोंजे गांव में रात को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। अभिनेता जैकी श्रॉफ और निर्देशक अनिल शर्मा भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए और नाना को अंतिम विदाई दी।”
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Nirbhay kashyap’ के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 600 से अधिक लोग फॉलो करते हैं। यूजर 23 जुलाई 2021 से फेसबुक पर सक्रिय है। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को यूपी का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नाना पाटेकर का खाना परोसने वाला वीडियो साल 2022 का है, जब उन्होंने कुछ वर्कर्स को मटन पकाकर खिलाया था। वहीं, अंतिम संस्कार के वायरल हो रहे दोनों ही वीडियो अन्य अभिनेताओं के हैं, जिन्हें अब गलत दावे के साथ नाना पाटेकर का बताकर वायरल किया जा रहा है।

- Claim Review : बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर के अंतिम पलों के वीडियो।
- Claimed By : FB User Nirbhay kashyap
- Fact Check : झूठ
टैग्स
अपनी प्रतिक्रिया दें



