उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गए मिडिएशन के दौरान जमकर हंगामा हो गया. एक महिला बुजुर्ग शख्स की दाढ़ी पकड़कर खींचती दिखी. एसएसपी कार्यालय परिसर स्थित महिला मिडिएशन सेंटर के बाहर हुए इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही थी. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया.
दोनों पक्षों के बीच हो गया था विवाद
बताया जा रहा है कि मिडिएशन सेंटर के बाहर मौजूद पति और पत्नी पक्ष के परिजनों के बीच विवाद बढ़ गया. आरोप है कि इसी दौरान एक महिला ने एक बुजुर्ग की दाढ़ी पकड़ ली. बताया जा रहा है कि दाढ़ी पकड़ने वाली महिला, बुजुर्ग की बेटी की ननद है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थिति इतनी बिगड़ गई कि महिला को बुजुर्ग की दाढ़ी से छुड़ाने के लिए वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
SSP ऑफिस के बाहर हंगामा
मामला बुलंदशहर के एसएसपी कार्यालय परिसर में बने महिला मिडिएशन सेंटर का बताया जा रहा है. ऐसे मामलों में पति-पत्नी और उनके परिजनों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने का प्रयास किया जाता है, लेकिन इस बार मामला उल्टा विवाद में बदल गया.
घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने महिला की इस हरकत पर नाराजगी जताई और उसे खरी-खोटी सुनाई. हंगामे की सूचना फैलते ही वहां लोगों की भीड़ भी जमा हो गई. पति-पत्नी के विवाद के बीच मिडिएशन सेंटर के बाहर हुए हंगामे और बुजुर्ग की दाढ़ी पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: पहले साड़ी में दौड़कर जीता दिल, अब ट्रैकसूट में मैदान पर छाईं कविता कविता; सोशल मीडिया पर हो रही जमकर तारीफ
