कोटवाधाम। सरयू नदी की कटान से जूझ रहे ग्रामीणों का आक्रोश अब सोशल मीडिया पर सामने आ रहा है। सिरौलीगौसपुर तहसील के कोठीडीहा गांव के लोगों ने सांसद तनुज पुनिया और रामनगर विधायक फरीद महफूज किदवई के लापता होने की पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित की है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल पोस्ट की पुष्टि नहीं करती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कोठीडीहा समेत करीब चार गांव सरयू के कटान से प्रभावित हैं। बबुरी गांव का बड़ा हिस्सा नदी में समा चुका है, जबकि अन्य गांवों के अस्तित्व पर भी संकट मंडरा रहा है। इसके बावजूद जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं नहीं जानीं।
विधायक फरीद महफूज किदवई ने कहा कि वह लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कैंप कर लोगों की समस्याएं दूर कर रहे हैं। कुछ लोग उन्हें बदनाम करने के लिए इस तरह के पोस्टर बनाकर वायरल कर रहे हैं। सांसद तनुज पुनिया से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।
