लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा के 2 वीडियो गुरुवार को सामने आए।
लखनऊ के करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा के 2 वीडियो गुरुवार को सामने आए हैं, जो उसकी मौत से पहले के हैं। वीडियो में एक महिला शिवा को धमका रही है। दावा है कि वह महिला श्रद्धा दुबे है। हालांकि पुलिस ने अब तक पुष्टि नहीं की है।
.
श्रद्धा सोने की तीन चेन और एक ब्रेसलेट चोरी करने का आरोप लगा रही है। शिवा से करीब 6 लाख रुपए वापस करने के लिए कहती है।
शिवा पैसे लौटाने का भरोसा देता है। वह कहता है- ‘मैं लिखकर दे रहा हूं कि पैसा वापस कर दूंगा। मेरी गाड़ी रख लो और मुझे पैसे दे दो।’ वीडियो में वह एक महीने के भीतर पैसे लौटाने की बात कहता सुनाई देता है। दोनों VIDEO में जानिए क्या-क्या है…

आरोपी मॉडल अपनी बहन और ड्राइवर के साथ नेपाल फरार हो चुकी है।
पहला VIDEO: एक महीने में पैसे वापस कर दूंगा
श्रद्धा: आपने मेरे यहां से कब चोरी की थी? किस टाइम पर की थी? सितंबर में की थी, अक्टूबर में की थी? कब की थी? मैं बहुत प्यार से पूछ रही हूं। अभी मैंने पुलिस नहीं बुलाई है। इसके बाद पुलिस बुलाऊंगी, पहले आप बताइए।
शिवा: सितंबर में… और जब वॉशरूम जा रहे थे…
श्रद्धा: मैं वॉशरूम में क्या कर रही थी? मुझे कितना टाइम लगा था, लगभग?
शिवा: लगभग 20-25 मिनट लग गए थे।
श्रद्धा: 20-25 मिनट लगे थे, तो आपने उसमें से एक साथ ज्वैलरी चुराई थी या अलग-अलग करके?
शिवा: एक साथ ली थी।
श्रद्धा: एक साथ? तीन चेन और एक ब्रेसलेट?
शिवा: हां।
श्रद्धा: आपने उन्हें कहां बेचा?
शिवा: चौक में।
श्रद्धा: चौक में किसके यहां?
शिवा: चौक में गोल दरवाजे के अंदर बेचा है। यह नहीं पता कि किस दुकान पर, क्योंकि लड़का मुझे लेकर गया था और बेच… मतलब सामान…
श्रद्धा: बेचकर आपको पैसे दे दिए?
शिवा: (सिर हिलाकर हां में जवाब देता है।)
श्रद्धा: तो मेरा कुल पैसा करीब 6 लाख रुपये है। मुझे कब तक मिल जाएगा?
शिवा: एक महीने के अंदर मिल जाएगा।
श्रद्धा: आपकी मम्मी को इस बारे में पता है?
शिवा: नहीं।
श्रद्धा: कि आपने चोरी की है?
शिवा: किसी को नहीं पता है।
श्रद्धा: किसी को भी इस बारे में नहीं पता है?
शिवा: किसी को नहीं पता।
श्रद्धा: अच्छा! और यह वीडियो मैं आप पर दबाव डालकर तो नहीं बनवा रही हूं? भाई, आपने खुद स्वीकार किया है…
शिवा: हां, नहीं बनवाया…

आरोपी मॉडल शिवा से पूछती है कि उसने चोरी कब की थी- सितंबर में या अक्टूबर में। शिवा जवाब देता सुनाई देता है।
दूसरा VIDEO: शिवा बोला- मेरी गाड़ी रख लो
श्रद्धा: पैसे कब लौटाओगे?
शिवा: एक महीने में।
श्रद्धा: अच्छा!
शिवा: तो उसके लिए लिखित में दे देता हूं। तब तक आप मेरी गाड़ी रख लीजिए। पैसे देकर मैं अपनी गाड़ी वापस ले लूंगा।

श्रद्धा दुबे ने हाल में जारी वीडियो में दावा किया था कि शिवा पर काफी कर्ज था और पैसे मांगने के लिए उसे फोन आते थे।
श्रद्धा ने शिवा की मां के लिए VIDEO जारी किया, बोली- तुमने बेटा खोया, मैंने बॉयफ्रेंड

शिवा शर्मा, आरोपी मॉडल श्रद्धा के साथ लिव-इन-रिलेशन में था।
आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे नेपाल भाग चुकी है। उसने वहां से अब तक 3 वीडियो जारी किए हैं। तीसरे वीडियो में वह शिवा की मां से कहती सुनाई दे रही है, “आपने बेटा खोया है, मैंने अपना बॉयफ्रेंड खोया है।”
श्रद्धा ने वीडियो में मीडिया से मामले को लेकर अफवाहें नहीं फैलाने की अपील की। उसने दावा किया कि शिवा की मां ने पूरी घटना जाने बिना उस पर और अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगा दिया। श्रद्धा ने सवाल किया कि कोई अपने ही अपार्टमेंट से किसी को क्यों धक्का देगा?
श्रद्धा का दावा- शिवा पर कर्ज चुकाने का दबाव था
श्रद्धा के मुताबिक, शिवा ने कई लोगों से पैसे उधार लिए थे। कर्ज देने वाले उसे फोन करते थे। श्रद्धा का दावा है कि शिवा उससे कहता था कि अगर वह कर्ज नहीं चुका पाया, तो आत्महत्या कर लेगा।
श्रद्धा ने बताया कि घटना से पहले दोनों मिले थे। उसके मुताबिक, शिवा ने उसे फोन किया और मिलने के लिए कहा। दोनों एक कैफे गए, जहां शिवा ने उसके लिए कॉफी और अपने लिए जूस ऑर्डर किया। इसके बाद दोनों श्रद्धा के घर पहुंचे।
श्रद्धा ने बताया- 9 अक्टूबर की सुबह क्या हुआ
श्रद्धा के मुताबिक, 9 अक्टूबर की सुबह दोनों उठे और चाय बनाई। इसके बाद शिवा वॉशरूम गया और दरवाजा बंद कर लिया। श्रद्धा का दावा है कि कुछ देर बाद उसकी बहन ने दरवाजा खोला, तभी शिवा बालकनी से कूद गया।
श्रद्धा ने शिवा की मां पर अस्पताल में उसके ड्राइवर से झगड़ा करने का आरोप भी लगाया। उसने कहा कि अस्पताल के सीसीटीवी कैमरों में यह घटना रिकॉर्ड हुई होगी।
अब पढ़िए पूरा मामला क्या है…
- 9 अक्टूबर को हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से गिरकर शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शिवा पिछले 4 महीने से श्रद्धा के साथ लिव-इन में रह रहा था। घटना के बाद उसकी बॉडी पर सिर्फ अंडरवियर था। चेहरे पर लिपस्टिक लगी हुई थी। शरीर पर कई जगह सिगरेट से जलाने के निशान भी मिले थे।
- शिवा की मां रंजना शर्मा ने उसकी मौत के मामले में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर आदिल समेत 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि श्रद्धा ने ही शिवा को चौथी मंजिल से धक्का दिया था। हजरतगंज थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने कहा- पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
…………………………….
ये खबर भी पढ़िए….
प्रयागराज में वकील की गोली मारकर हत्या:पत्नी बोली- पुलिस के सामने मारा, मौत के बदले मौत चाहिए; मुंह बांधे हमलावरों का CCTV

प्रयागराज में 52 साल के वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पेट में गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें SRN अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पूरी खबर पढ़िए…
