एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय मुक्केबाजी चैंपियन मैरी कॉम ‘बिग बॉस’ के 20वें सीजन की सबसे चर्चित प्रतिभागियों में से एक हैं। रियलिटी शो के हालिया एपिसोड में एविक्ट होने के बाद, 24 अक्टूबर को उनका सफर खत्म हो गया। वीकेंड एलिमिनेशन के दौरान उनके जाने से आम्रपाली दुबे इमोशनल हो गईं।
मैरी कॉम हुईं शो से बाहर
इस हफ्ते ‘वीकेंड का वार’ एपिसोड में सलमान खान (Salman Khan) की जगह रोहित शेट्टी (Rohit Shetty) होस्ट बनकर आए। मैरी की दोनों लाइफलाइन खत्म हो जाने के बाद, उन्होंने उनके बाहर होने की घोषणा की।

मैरी कॉम ने जताया आभार
शो से बाहर होने पर रिएक्शन व्यक्त करते हुए, ओलंपिक पदक विजेता ने शो का हिस्सा बनने के लिए आभार व्यक्त किया और प्रतियोगियों को उनकी आगे की जर्नी के लिए शुभकामनाएं दीं। मैरी कॉम ने कहा, ‘मैं इतना दिन खेल पाई, इतना अनुभव मिला। बहुत अच्छा लगा। मुझे उम्मीद है कि वे मुझे याद करेंगे, अच्छा खेल के आना है, व्यक्तित्व दिखा के आना है’।
उन्होंने कहा, ‘आप सभी का धन्यवाद। आप लोगों के साथ समय बिताकर अच्छा लगा। सच कहूं तो, इतने दिनों तक यहां रहना और यह अनुभव पाना बहुत शानदार रहा। मुझे उम्मीद है कि आप लोग मुझे याद करेंगे। कृपया अच्छा खेलें और अपनी असली शख्सियत दिखाएं। अगर आप लोग रिंग में मेरे सामने आते, तो मैं आप में से किसी को भी नहीं छोड़ती’।
उतार-चढ़ाव भरा रहा मैरी कॉम का सफर
घर के अंदर मैरी कॉम (Mary Kom) का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा। किचन में बिताए उनके पल, बाकी कंटेस्टेंट्स के साथ वर्कआउट सेशन और उनकी हल्की-फुल्की बातचीत ने इस सीजन में काफी ध्यान खींचा। साथ ही, उनकी कुछ टिप्पणियों की वजह से उन्हें आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा, खासकर तब जब उन्होंने बॉक्सिंग में अपने स्पोर्ट्स रिकॉर्ड और उपलब्धियों के बारे में बात की।
ऑनलाइन आलोचना बढ़ने पर, मैरी कॉम की टीम ने उनके ऑफिशियल स्टेटमेंट शेयर किया और माफी मांगी। टीम ने कहा कि बॉक्सर की बातों का मकसद किसी और एथलीट को नीचा दिखाना या उनकी उपलब्धियों की तुलना किसी दूसरे एथलीट से करना नहीं था।
