बिग बॉस में जोड़ियां बनना कोई नई बात नहीं है। हर सीजन से कोई न कोई को-कंटेस्टेंट्स कपल बनकर निकलते हैं। इनमें से कुछ का रिश्ता शादी तक पहुंच चुका है तो कुछ एक-दूसरे को कुछ साल डेट करने के बाद अलग हो गए। लेकिन, ‘बिग बॉस 20’ में स्काउट ओपी और लवप्रीत गिल के बीच के एंगल को लेकर काफी चर्चा हो रही है, जिसके बारे में इस वीकेंड का वार में रोहित शेट्टी ने भी सवाल उठाए। इससे पहले होस्ट सलमान खान ने दोनों को इस बारे में हिंट देने की कोशिश की थी कि बाहर चीजें कैसी दिख रही हैं और अब इस वीकेंड का वार में रोहित शेट्टी ने साफ-साफ शब्दों में दोनों को कहा कि दोनों भले एक-दूसरे को भाई-बहन मानते हैं, लेकिन बाहर चीजें वैसी नहीं दिख रहीं, जैसा वह बताते हैं। रोहित शेट्टी की क्लास के बाद अब अपकमिंग एपिसोड में स्काउट की गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी भी उनके बिहेवियर पर सवाल खड़ी करती नजर आने वाली हैं।
स्काउट से काश्वी के तीखे सवाल
मेकर्स ने शो के अपकमिंग एपिसोड का प्रोमो जारी किया है, जिसमें रोहित शेट्टी ‘वीकेंड का वार’ में स्काउट ओपी की गर्लफ्रेंड काश्वी हीरानंदानी का स्वागत करते हैं और आते ही काश्वी, स्काउट और लव पर सवालों की बौछार कर देती हैं। रोहित शेट्टी से बात करने की परमिशन लेने के बाद काश्वी, स्काउट से पूछती हैं- ‘कैसा जा रहा है मसाज पार्लर तन्मय?, आपके हर टच, हर चीज पर जूम इन किया जाता है।’ इसके बाद वह लव से पूछती हैं- ‘क्या आप बाहर भी अपने मुंह बोले भाइयों के साथ ऐसे ही रहती हैं?’ इस पर लव कहती हैं- ‘मेरे लिए ये नॉर्मल है, क्योंकि मेरे दर्द हो रहा है।’ काश्वी आगे कहती हैं- ‘और तन्मय आपने मुझे इससे कंपेयर कैसे किया।’ जवाब में स्काउट कहते हैं कि ‘वो मेरा यहां ख्याल रखती है और उसके साथ घर वाला कंफर्ट मिलता है।’
काश्वी ने स्काउट की लगाई क्लास
काश्वी आगे कहती हैं- ‘कैसा सॉफ्ट कॉर्नर, कैसा कन्फ्यूजन? क्या टेकिंग केयर तन्मय, क्या वहां टेक केयर कराने के लिए गए हो? अगर घर वाली फीलिंग चाहिए थी आपको तो आपको घर में बैठना चाहिए था। इससे मुझे और मेरे परिवार को शर्मिंदगी हो रही है। एक बैकग्राउंड कैरेक्टर की तरह किसी लड़की के पीछे भाग रहे हो। अगर आपको एक परसेंट भी इज्जत बची है तो एक लाइन खींचो अपने और उसके बीच और उसे खुद से अलग कर दो।’ शो में आते ही काश्वी ने साफ कर दिया है कि शो में स्काउट और लव गिल की दोस्ती से वह बिलकुल खुश नहीं हैं। वहीं अपकमिंग एपिसोड के प्रोमो से एक बात और साफ होती है कि काश्वी के ये तीखे सवाल आने वाले समय में स्काउट और लव के बीच एक बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित होने वाली है, क्योंकि काश्वी ने साफतौर पर स्काउट से लव के साथ अपनी दोस्ती खत्म करने की बात कह दी है।
रोहित शेट्टी ने भी उठाए सवाल
इससे पहले हालिया एपिसोड में रोहित शेट्टी ने भी लवप्रीत गिल और स्काउट को साफ-साफ शब्दों में कहा था कि दोनों के बीच की दोस्ती बाहर अच्छी नहीं दिख रही है। जब लव और स्काउट ने इस पर सफाई पेश करने की कोशिश की, तो रोहित शेट्टी ने साफ शब्दों में कहा कि वह पूरे हफ्ते के एपिसोड देखकर आए हैं और बाहर दोनों को लेकर जो बातें चल रही हैं, वह उसके आधार पर ये कह रहे हैं।
