निर्देशक नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ गुरुवार को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। ओपनिंग डे पर फिल्म ने कई रेकॉर्ड्स भी तोड़ डाले हैं। आइए जानते हैं फिल्म ने भारत में पहले दिन कितनी कमाई की है।

‘रामायणम् पार्ट 1’ पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर जादू चलाने में सफल रही है। करीब 100 से अधिक देशों और 59,000 स्क्रीन्स पर पहले दिन ही धावा बोलने वाली भारतीय पौराणिक कहानी पर बेस्ड ‘रामायणम्’ ने दर्शकों का दिल जीत लिया है। हिंदुओं के पवित्र धार्मिक ग्रंथ ‘रामायण’ पर एक ऐसी विशालकाय फिल्म रची गई है, जो दुनिया भर की टॉप हॉलीवुड फिल्मों को टक्कर दे रही है। फिल्म में ‘रामायण’ के हर किरदार को उतने ही पावरफुल तरीके से पेश किया गया है, जितने कि भगवान राम। वीएफएक्स एनिमेशन ग्राफिक्स की बदौलत फिल्म को एक भव्य रूप दिया गया है।
‘रामायणम् पार्ट 1’ की कहानी
फिल्म की कहानी की शुरुआत होती है पक्षीराज जटायु से हुई है, जिनकी आवाज अनुपम खेर बने हैं। ये दृश्य हमें एक ऐसे युग में लेकर जाता है जहां देवी-देवताओं और असुरों के बीच भीषण युद्ध हुआ था और देवताओं की जीत हुई थी, जिसके बाद लंका का शासन कुबेर को सौंप दिया गया था। फिल्म में दिखाया जाता है कि इस युद्ध के बाद दानवों के कुल को धरती पर जगह नहीं मिली तो रसातल में अभाव और बदहाली का जीवन जीने को मजबूर होना पड़ा। और इसी के बाद इस दुर्दशा से परेशान और हताश महारानी कैकसी अपने बेटे दशानन (यश) को लंका का खोया वैभव और राजपाट वापस पाने के लिए ललकारती है। यहीं से शुरू होती है रावण की वो तपस्या जिसके बाद उसे अमरत्व का वरदान मिल जाता है। फिल्म में रणबीर कपूर के भगवान राम के किरदार जितना ही दमदार यश के रावण का किरदार नजर आ रहा है।
‘रामायणम् पार्ट 1’ ने पहले दिन कितनी की कमाई
‘रामायणम् पार्ट 1‘ देश भर में 5 भाषाओं में रिलीज हुई है, जिनमें हिंदी, कन्नड़, तेलुगू, तमिल और मलयालम जैसी भाषाएं हैं। फिल्म ने सबसे अधिक हिंदी में कमाई की है। Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायणम्’ ने 25000 शोज़ की बदौलत पूरे भारत में ₹64.85 Cr का नेट कलेक्शन किया है। वहीं फिल्म ने ₹77.50 Cr की ग्रॉस कमाई की है। इसमें से ₹47.50 Cr कलेक्शन केवल हिंदी से हुआ है।
रणबीर कपूर के करियर की टॉप ओपनिंग फिल्म ‘रामायणम्’
वहीं ‘रामायणम्’ रणबीर कपूर के करियर की टॉप ओपनिंग फिल्म बन चुकी है। उनकी अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली कुछ फिल्मों में से ‘एनिमल’ ने पहले दिन ₹63.80 Cr का नेट कलेक्शन किया था। वहीं उनके करियर की दूसरी सबसे अधिक कमाई करने वाली फिल्म ‘संजू’ ने ₹34.75 करोड़ की कमाई की थी। इसी के साथ ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 1’ ने ओपनिंग डे पर ₹36.42 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
साल की शानदार ओपनिंग वाली दूसरी टॉप फिल्म
अब अगर साल 2026 में अब तक टॉप ओपनिंग करने वाली फिल्मों की बात करें तो ‘धुरंधर 2’ने पहले दिन ₹102.55 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था। वहीं अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली दूसरी फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने पहले दिन ₹62.00 करोड़ की कमाई की थी। ऐसे में ‘धुरंधर 2’ को छोड़ दें तो फिल्म ने ‘दृश्यम 3’ को पछाड़ दिया है और ये पहले दिन अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली दूसरी फिल्म बन चुकी है। हालांकि, ये देश की टॉप ओपनिंग करने वाली फिल्मों की टॉप 10 लिस्ट में शामिल नहीं हो पाई है।

