मशहूर हॉलीवुड एक्टर, कॉमेडियन और पूर्व ब्रॉडकास्टर रसेल ब्रांड को दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के 4 मामलों में 10.5 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। अदालत ने सोमवार को इन मामलों पर सुनवाई की और उन्हें दोषी करार देते हुए ये सजा सुनाई। रसेल ब्रांड को करीब 20 साल पुराने मामलों में दोषी पाया गया है। उन्हें 1 महिला से रेप और 3 से यौन शोषण का दोषी पाए जाने के बाद कोर्ट ने उन्हें ‘यौन शिकारी’ बताते हुए साढ़े 10 साल की सजा सुनाई। इस खबर से वेस्टर्न एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में हलचल मच गई है। रसेल पर आरोप है कि सेलिब्रिटी स्टेटस का फायदा उठाकर उन्होंने महिलाओं का यौन शोषण किया। बता दें, रसेल ब्रांड पॉप स्टार कैटी पैरी के पूर्व पति भी हैं।
1999 से 2009 के बीच के हैं मामले
जिन आरोपों में रसेल ब्रांड को सजा सुनाई गई है, वह 1999 से 2009 के बीच के हैं। सितंबर 2023 में ब्रिटिश मीडिया की संयुक्त जांच के बाद पहली बार रसेल ब्रांड पर दुष्कर्म और यौन शोषण के आरोप सार्वजनिक हुए थे। मामले के सामने आने के बाद ब्रिटिश पुलिस ने इन मामलों की जांच शुरू की और करीब 7 मामलों में से 4 मामलों में उन्हें दोषी पाया गया। रसेल पर अलग-अलग महिलाओं के साथ रेप और यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे।
किस मामले में कितनी सजा?
रसेल ब्रांड को कुल चार मामलों में दोषी ठहराया गया है और साढ़े 10 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। इनमें से रेप के केस में दोषी करार देते हुए कोर्ट ने उन्हें 9 साल की सजा सुनाई है। वहीं यौन शोषण के तीन अलग-अलग आरोपों में उन्हें क्रमशः 9 महीने, 18 महीने और 2009 से जुड़े एक मामले में 8 महीने जेल की सजा सुनाई गई है। वहीं 2 मामलों में रसेल को बरी भी किया गया है। उन पर 1999 में बोर्नमथ में लेबर पार्टी के सम्मेलन के दौरान एक महिला के साथ भी रेप का आरोप था, जिसमें उन्हें बरी कर दिया गया है और एक म्यूजिक चैनल के ऑफिस में महिला को पुरुष बाथरूम में खींचने और यौन शोषण की कोशिश के आरोप में भी उन्हें बरी किया गया है।
जज ने लगाई फटकार
सुनवाई के दौरान साउथवॉर्क क्राउन कोर्ट ने रसेल ब्रांड के व्यवाहर की आलोचना की और फटकार लगते हुए उन्हें ‘यौन शिकारी’ तक कह दिया। साउथवार्क क्राउन कोर्ट के जज जोएल बेननाथन ने रसेल के व्यवहार की आलोचना करते हुए कहा- ‘रसेल 20 साल पहले मशहूर हो रहे थे। आप होशियार थे और कई लोगों की नजर में आप करिश्माई और मजेदार थे। इसी के साथ आप यौन शिकारी भी बन गए थे।’ बता दें, रसेल के खिलाफ ये आरोप 2023 में सामने आए थे। ब्रिटिश मीडिया ने एक संयुक्त जांच रिपोर्ट पब्लिश की थी, जिसमें कई महिलाओं ने अपनी पहचान छिपाकर रसेल पर रेप और यौन शोषण के आरोप लगाए थे।
ये भी पढ़ेंः त्रिपुरा में BSF जवानों पर हुए हमले को लेकर अनुपम खेर ने जताई नाराजगी, बोले- ‘जवान के संयम को मेरा सलाम’
