बिहार के भागलपुर में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सुबह नंदू यादव नाम के शख्स की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बबरगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर काली स्थान के पास हुई। हमलावरों ने नंदू यादव पर लगातार तीन गोलियां चलाईं। गोली लगने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिन निकलते ही हुई इस घटना से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नंदू यादव शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान महेशपुर काली स्थान के पास कुछ बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक नंदू यादव की जान जा चुकी थी।
सूचना मिलते घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
वारदात की जानकारी मिलते ही बबरगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी-1 राकेश कुमार और मुख्यालय डीएसपी अयूब खान भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी सबूत इकट्ठा किए, ताकि जांच में मदद मिल सके। पुलिस आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़ी जानकारियां जुटा रही है।
हत्या के पीछे सामने आई ये वजह
इस घटना के बाद मृतक की पत्नी झुना देवी ने अपने देवर शंभू यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि परिवार में जमीन के बंटवारे और पैसों को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। करीब 15 दिन पहले भी जमीन में हिस्सेदारी और 7 लाख रुपये को लेकर शंभू यादव से उनका विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बढ़ गया था।
झुना देवी का आरोप है कि शंभू यादव पहले भी कई बार उनके पति को जान से मारने की धमकी दे चुका था। इस मामले में उन्होंने पहले ही पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अगर समय रहते कार्रवाई होती तो शायद उनके पति की जान बच सकती थी।
देवर को भागते देखने का किया जिक्र
पत्नी ने यह भी दावा किया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने अपने देवर शंभू यादव को मौके से भागते हुए देखा था। इसी वजह से उन्हें शक है कि इस वारदात में उसकी भूमिका हो सकती है। वहीं, पुलिस ने अभी तक शंभू यादव को इस मामले में दोषी नहीं ठहराया है। अधिकारियों का कहना है कि पत्नी की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस जमीन विवाद, 7 लाख रुपये के लेन-देन और पहले दी गई शिकायतों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि नंदू यादव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे। ऐसे में जांच अधिकारी हत्या के पीछे केवल जमीन विवाद को ही वजह मानकर नहीं चल रहे हैं। पुलिस पुरानी दुश्मनी, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के कहना है कि , घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि हमलावर किस रास्ते से आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद किस तरफ फरार हुए।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
DSP अयूब खान के अनुसार, शनिवार सुबह नंदू यादव की हत्या की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई। मृतक की पत्नी ने अपने देवर पर आरोप लगाए हैं। उनके बयान के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले में संदिग्ध आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: वैशाली में बेटे के लगातार जमीन बेचने से तंग आकर एक ही परिवार के 4 लोगों ने खाया जहर, सास-बहू और पोते की मौत
