अंशू दीक्षित, लखनऊ। पढ़ाई के दौरान ही सोच लिया था कि पिता की विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दूंगा। किसी बड़े ब्रांड की तरह गुड मार्निंग ब्रांड को घर-घर पहुंचाऊंगा। इसी का नतीजा है कि पिता भूपेन्द्र अग्रवाल द्वारा वर्ष 1996 में किया गया ब्रेड व नमकीन का कारोबार आज भारत के दस राज्यों में फैल चुका है।
उद्यमी भूपेन्द्र अग्रवाल के बेटे राघव अग्रवाल और अर्जुन अग्रवाल पिता की विरासत को बढ़ाने में दिन रात लगे हैं। पिता द्वारा स्थापित कुर्सी रोड की फैक्ट्री में अधिकांश काम पहले हाथों से किए जाते थे, राघव व अर्जुन ने फैक्ट्री संभालने के कुछ वर्षों में यही काम फुली आटोमेटिक मशीनों से करवाने लगे, हाइजेनिक उत्पाद, फिनिशिंग और पैकिंग बेहतर होने से बाजार में उत्पादों की डिमांड एकदम से बढ़ गई। गुड मार्निंग ब्रांड आज के समय न सिर्फ ब्रेड बना रहा है, बल्कि तीन दशक पहले शुरू किए गए व्यापार को बढ़ाते हुए कई उत्पाद जोड़ने का काम दोनों भाइयों ने किया है।
क्या हो रहे प्रयास?
उद्यमी अर्जुन बताते हैं कि आज ”गुड मार्निंग” के नाम से ब्रेड, रस व सभी तरह के नमकीन बन रहे हैं। पूरी तरह से हाइजेनिक हैं और भारत के नार्थ ईस्ट तक ब्रांड फैल गया है। प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से छह सौ से अधिक लोगों को रोजगार जहां मिला है, वहीं आने वाले समय में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे, क्योंकि ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं।
यूपी के अधिकांश जिलों में पहुंच बनाने के बाद आज पंजाब, जम्मू, असम, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, बिहार, हिमाचल के कुछ हिस्से में ”गुड मार्निंग” रोज सुबह लोगों को चाय के साथ उपलब्ध हो रहा है। उद्यमी अर्जुन कहते हैं कि अभी यह शुरुआत है, इसे पूरे भारत के साथ ही विश्व के कई देशों तक पहुंचाने का लक्ष्य है।
इसके लिए पिता व बड़े भाई का जहां सहयोग मिल रहा है, वहीं पिता से मिली सीख ”गुणवत्ता” का फायदा व्यापार में बहुत काम आ रहा है। ”गुड मार्निंग” आज के समय में एक ऐसा ब्रांड बन गया है कि जिसने भी खाया वह उसका मुरीद हो गया। शुद्धता व पारदर्शिता का ही नतीजा है कि आज भारत के कई राज्य और संपर्क में हैं, जहां ”गुड मार्निंग” आने वाले चंद महीनों में पहुंचेगी।
विश्व के कई देशों में पहुंचाना है गुड मार्निंग
उद्यमी अर्जुन कहते हैं कि ”गुड मार्निंग” भारत के दस राज्यों में फैल चुका है, बचे हुए राज्यों में फैलाने के साथ ही विश्व स्तर पर इसकी पहचान बनाने की दिशा में कंपनी काम कर रही है। सफर लंबा है लेकिन इरादे भी मजबूत हैं।
