Bigg Boss 20: कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ के ‘वीकेंड का वार’ में होस्ट सलमान खान अपने पुराने और बेबाक अंदाज में नजर आए. सलमान ने घर के कई सदस्यों के दोहरे रवैये को बेनकाब कर दिया, जिससे पूरे घर में सन्नाटा पसर गया. इस एपिसोड में दोस्ती में विश्वासघात और पीठ पीछे की जा रही बातों का ऐसा पर्दाफाश हुआ कि कई कंटेस्टेंट्स की बोलती बंद हो गई. खासतौर पर गेमर स्काउट ओपी और एक्ट्रेस माही विज के दोगलेपन को सलमान खान ने सबके सामने उजागर किया, जबकि अपने ही दोस्त से धोखा मिलने के बाद रैपर यंग डीएसए भावुक होकर फूट-फूटकर रो पड़े.
एपिसोड का सबसे भावुक मोड़ तब आया जब सलमान खान ने घर के बाहर मौजूद कुछ समर्थकों के वीडियो क्लिप दिखाए, जिनमें उन्होंने उस कंटेस्टेंट को आड़े हाथों लिया जिसे वे सबसे ज्यादा नापसंद करते हैं. इसी कड़ी में रैपर संबाटा ने स्काउट ओपी पर गंभीर सवाल उठाते हुए खुलासा किया कि स्काउट ने यंग डीएसए की जिंदगी का सबसे बड़ा राज कनिका मान और गुल्लू के सामने खोल दिया है. जैसे ही यंग डीएसए को यह बात पता चली, वे खुद को संभाल नहीं पाए और कैमरों के सामने रो पड़े. हालांकि, इस मुश्किल घड़ी में सलमान खान खुलकर यंग के समर्थन में आए. सलमान ने साफ किया कि यंग ने स्काउट से सिर्फ इसलिए झूठ बोला था ताकि स्काउट को अच्छा महसूस हो सके. सलमान ने स्काउट को कड़ी फटकार लगाते हुए दो टूक कहा कि वे यंग के सच्चे दोस्त नहीं हैं.
रियार साब और निरहुआ-आम्रपाली के मुद्दे पर घिरीं माही विज
दूसरी तरफ, माही विज की भी ‘वीकेंड का वार’ में जमकर क्लास लगी. यंग डीएसए के दोस्त रियार साब ने अपने वीडियो संदेश में माही विज को इस बात पर लताड़ा कि उन्होंने घर खरीदने के बजाय महंगी जैकेट्स खरीदने के यंग के फैसले पर टिप्पणी की थी. इस बात से यंग काफी नाराज हुए और उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वे नेशनल टेलीविजन पर अपनी जिंदगी की हर बात नहीं बता सकते. इतना ही नहीं, माही विज से भोजपुरी सुपरस्टार निरहुआ और आम्रपाली दुबे के लिंक-अप की अफवाहों पर बातचीत करने को लेकर भी सवाल पूछे गए. घर के अंदर मौजूद आम्रपाली दुबे ने माही की इस हरकत पर गहरी निराशा जताई. इसके अलावा एपिसोड की शुरुआत में काजी तौकीर और माही विज को गुल्लू की कनिका मान और लव गिल के साथ बढ़ती नजदीकियों पर चर्चा करते भी देखा गया. एपिसोड के अंत में सलमान खान ने घरवालों को यह झटका भी दिया कि रविवार को एक सदस्य घर से बेघर हो जाएगा.
मनीष गोयल होंगे आउट?
कहा जा रहा है कि अपनी खराब तबीयत के चलते मनीष गोयल शो से बाहर हो गए हैं. दरअसल कम वोट्स के चलते माही विज शो से बाहर होने वाली थीं, लेकिन मनीष की वजह से वो फिर एक बार बच गईं. पिछले हफ्ते भी माही को कम वोट्स मिले थे, लेकिन 2 लाइफलाइन के चलते वो बच गईं थी.


