‘बिग बॉस 20’ में 8वां एविक्शन हुआ है। रविवार को वीकेंड का वार एपिसोड में होस्ट सलमान खान एक ट्विस्ट के साथ इसका ऐलान करेंगे। इस बार जिस कंटेस्टेंट का सफर शो में खत्म हुआ है, वह वोटों की कमी के कारण नहीं हुआ है। बहरहाल, इसी के साथ ‘बिग बॉस 20’ को उसके टॉप-10 मिल चुके हैं।
हाइलाइट्स
- ‘बिग बॉस 20’ के 11वें हफ्ते में हुआ 8वां एविक्शन, सलमान करेंगे ऐलान
- इस बार वोटों की कमी के कारण ‘घर से बेघर’ नहीं हुआ कंटेस्टेंट
- ‘बिग बॉस 20’ को मिले उसके टॉप-10, अब सब पर एलिमिनेशन की तलवार

‘द खबरी’ की रिपोर्ट के मुताबिक, शो में 8वां एविक्शन असल में एलिमिनेशन नहीं होगा। बल्कि टीवी एक्टर और वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट मनीष गोयल पैर में चोट के कारण घर से बाहर हो रहे हैं। जी हां, उन्होंने मेडिकल कारणों से खुद ही शो छोड़ने का फैसला किया है।
सलमान बताएंगे- मनीष नहीं, माही विज को मिले सबसे कम वोट
कई दूसरी रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार नॉमिनेट हुए 10 कंटेस्टेंट्स में से मनीष गोयल को सबसे कम वोट नहीं मिले थे। रविवार को होस्ट सलमान खान इस बारे में बाकी कंटेस्टेंट्स को साफ-साफ बताएंगे। वह यह भी खुलासा करेंगे कि इस बार भी माही विज को सबसे कम वोट मिले हैं। यानी कायदे से माही विज का सफर शो में खत्म होने वाला था। लेकिन मनीष गोयल के खुद के लिए फैसले के कारण वह इस बार बाल-बाल बच गई हैं।
मनीष गोयल ने शो में 35वें दिन की थी वाइल्डकार्ड एंट्री
टीवी एक्टर मनीष गोयल ने ‘बिग बॉस 20’ शुरू होने के 35वें दिन वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री ली थी। उनके साथ नकुल धुल भी आए थे, लेकिन साथी कंटेस्टेंट कुशल तंवर उर्फ गुल्लू के साथ हिंसा करने के कारण उन्हें दो दिन बाद ही सजा के तौर पर घर से बेघर कर दिया गया। अब 77वें दिन मनीष गोयल का सफर भी खत्म हो गया है। वह बिग बॉस के घर में लगभग पांच हफ्ते रहे। इस दौरान काजी तौकीर के साथ उनके बनते-बिगड़ते रिश्ते ने खूब सुर्खियां बटोरीं।
‘सज्जन मनीष’ का टैग, काजी तौकीर से बनते-बिगड़ते रिश्ते
मनीष गोयल ‘बिग बॉस‘ में एक ऐसे कंटेस्टेंट के तौर पर उभरे, जो सबके लिए बेहद ‘सज्जन’ रहे। यहां तक कि सलमान खान भी उन्हें ‘सज्जन मनीष’ ही पुकारते हैं। अपने पूरे सफर में मनीष अपने शांत स्वभाव के लिए जाने गए। हालांकि, काजी तौकीर के साथ उनका कई बार विवाद हुआ। खासकर, काजी के चिढ़ाने के अंदाज के कारण मनीष ने अपना आपा खोया, चीखे-चिल्लाए और यहां तक कि रो भी पड़े। हाल ही, नॉमिनेशन टास्क के दौरान दोनों के बीच काफी बहस हुई। दोनों का वीडियो ऑनलाइन भी खूब वायरल हुआ, जहां काजी उन्हें ‘प्रोफेसर’ कहकर चिढ़ा रहे थे और मनीष इससे खासे नाराज दिखे। इस घटना पर खूब मीम भी बने।
‘बिग बॉस 20’ से 8 कंटेस्टेंट का एविक्शन और सफर
- रोहेद खान – 14 दिन
- ईशा रिखी – 21 दिन
- रीति तिवारी – 26 दिन (घरवालों के वोट से बेघर)
- नकुल धुल – 3 दिन (हिंसा के कारण एविक्शन)
- अमन गांधी – 42 दिन
- मैरी कॉम – 49 दिन
- आसिफ खान – 56 दिन
- मनीष गोयल – 77 दिन (खुद बाहर हुए)
‘बिग बॉस 20’ को मिले टॉप-10 कंटेस्टेंट
मनीष गोयल के शो से बाहर निकलते ही अब ‘बिग बॉस 20’ को उसके टॉप-10 कंटेस्टें मिल चुके हैं। इनमें काजी तौकीर, आम्रपाली दुबे, अरिश्फा खान, कनिका मान, कुशल तंवर (गुल्लू), हर्ष विजय मचारे (यंग DSA), तन्मय सिंह (स्काउट OP), लव गिल, उदिति सिंह, और माही विज शामिल हैं। खास बात यह है कि इस सीजन के ट्विस्ट ‘तथास-टू’ के तहत अब किसी के पास भी एविक्शन से बचने का दूसरा मौका नहीं है। यानी अब आगे वाले हफ्तों में हमें बैक-टू-बैक एलिमिनेशनल देखने को मिलने वाला है।

