हॉलीवुड में हॉरर फिल्मों का अपना अलग ही क्रेज है. यहां कई ऐसी फिल्में बनी हैं, जिनकी डरावनी कहानियां और खौफनाक सीन देखकर अच्छे-अच्छों की हालत खराब हो जाती है. साल 2001 में भी ऐसी कई शानदार हॉरर फिल्में रिलीज हुई थीं, जिनमें भूतों से लेकर पिशाचों तक का आतंक देखने को मिला.
तो चलिए जानते हैं उस साल की 5 ऐसी फिल्मों के बारे में, जिन्हें रात में अकेले देखना आपके लिए मुश्किल हो सकता है. खास बात ये हैं इन सारी फिल्मों को आप इंडिया में ओटीटी पर आराम से घर बैठे देख सकते हैं.
‘द अदर्स’
ये एक हॉरर, मिस्ट्री और सुपरनैचुरल थ्रिलर फिल्म है, जिसमें निकोल किडमैन लीड रोल में हैं. कहानी एक ऐसी मां की है, जो अपने दो बच्चों के साथ पुराने घर में रहती है और वहां होने वाली अजीब घटनाओं से परेशान हो जाती है. इस फिल्म को आप भारत में अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं.

‘जीपर्स क्रीपर्स’
‘जीपर्स क्रीपर्स’ एक हॉरर और मिस्ट्री फिल्म है, जिसमें एक भाई-बहन सुनसान सड़क पर सफर के दौरान एक खतरनाक जीव को देखते हैं. इसके बाद वह जीव उनका पीछा करने लगता है और दोनों की जान खतरे में पड़ जाती है. ये फिल्म प्राइम वीडियो पर अवेलेबल है.

‘थर्टीन घोस्ट्स’
ये सुपरनैचुरल हॉरर और थ्रिलर फिल्म है, जिसमें एक परिवार को विरासत में कांच का एक अनोखा घर मिलता है. लेकिन जल्द ही उन्हें पता चलता है कि उस घर में 12 खतरनाक भूत कैद हैं. इसे भारत में नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.

‘सेशन 9’
ये साइकोलॉजिकल हॉरर और मिस्ट्री फिल्म है, जिसमें कुछ लोग सफाई के काम के लिए एक बंद पड़े मानसिक अस्पताल में पहुंचते हैं. वहां उन्हें पुरानी रिकॉर्डिंग और डरावनी घटनाओं का सामना करना पड़ता है. इसे भारत में अमेजन प्राइम वीडियो पर किराये पर देख सकते हैं.

‘द फॉरसेकन’
‘द फॉरसेकन’ एक हॉरर और वैम्पायर थ्रिलर फिल्म है, जिसमें एक युवक पिशाचों के खतरनाक जाल में फंस जाता है. संक्रमण का शिकार होने के बाद उसके पास खुद को बचाने के लिए बहुत कम समय बचता है. इसे भारत में अमेजन वीडियो पर किराये पर देख सकते हैं.

