{“_id”:”6b05cffed60f4a11b00a9312″,”slug”:”sunlight-brings-relief-during-the-day-light-mist-persists-in-the-morning-rewari-news-c-198-1-rew1001-249233-2026-11-24″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Rewari News: धूप निकलने से दिन में मिली राहत, सुबह छा रही हल्की धुंध”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

सुबह हल्की धुंध छाने के बाद धुंधला नजर आ रहा भवन। संवाद
रेवाड़ी। जिले में मंगलवार को सुबह से धूप होने के कारण लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। हालांकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड का असर बना हुआ है। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोमवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस तरह अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में भी मामूली सुधार दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम एक्यूआई 273 रहा, जबकि सोमवार को यह 276 दर्ज किया गया था। हालांकि हवा की गुणवत्ता अभी भी खराब श्रेणी में बनी हुई है। ऐसे में सांस संबंधी परेशानी से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार उत्तर-उत्तर पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण रात्रि और दिन के तापमान में गिरावट हो रही है। 25-26 नवंबर तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है। सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम धुंध छा सकती है। सुबह 9 से 10 बजे के बाद धूप निकलने के आसार हैं।
मौसम को देखते हुए किसानों को गेहूं की बिजाई वैज्ञानिकों की सिफारिश के अनुसार पूरी करने की सलाह दी गई है। नरमा-कपास की चुनाई धूप निकलने के बाद करने को कहा गया है। वहीं सरसों की फसल में आवश्यकता होने पर पहली सिंचाई की जा सकती है।
