‘बिग बॉस 20’ में लव गिल और आसिफ खान के बीच ‘कोजी मोमेंट्स’ के कुछ वीडियोज सोशल मीडिया पर खूब सर्कुलेट हो रहे हैं। यूजर्स दोस्ती के रिश्तों में सीमाओं पर सवाल उठा रहे हैं। आसिफ शादीशुदा हैं, लोगों की भौंह ज्यादा तन रही है। इस बीच अब एक्टर की पत्नी ज़ेबा ने खुद इस पर एक बयान जारी किया है।

ज़ेबा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है। वह पति आसिफ के चरित्र पर लग रहे लांछन से परेशान दिख रही हैं। वह साफ करती हैं कि लव गिल के साथ आसिफ का रिश्ता सिर्फ दोस्ती का है। उन्होंने लोगों को वायरल हो रहे क्लिप से कुछ भी अंदाजा लगाने की बजाय ‘बिग बॉस 20’ की लाइव फीड देखने की सलाह भी दी है।
आसिफ की बीवी ज़ेबा ने शादी पर सवाल उठाने वालों से कहा- बस, बहुता हुआ!
आसिफ की पत्नी ज़ेबा ने बयान जारी करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘बस, बहुत हुआ 🙏🏻’ वह पोस्ट में लिखती हैं, ‘आसिफ की पत्नी के तौर पर मुझे लगता है कि एक बार दिल से और पूरी साफगोई के साथ यह कहना जरूरी है। उन सभी लोगों से, जो उनके बारे में अलग कहानी बनाने की कोशिश कर रहे हैं – मैं खास तौर पर शो के कुछ पलों और उसकी वजह से हमारी शादी पर उठाए जा रहे सवालों के बारे में बात कर रही हूं। प्लीज, सोशल मीडिया पर घूम रही कुछ क्लिप्स के बजाय 24×7 लाइव फीड देखें।’
ज़ेबा बोलीं- गेम को कैरेक्टर या शादी पर जजमेंट का आधार न बनाए
ज़ेबा आगे आसिफ के बारे में कहती हैं, ‘आप देखेंगे कि वे कितनी बार मेरे, हमारी जिंदगी और हमारे रिश्ते के बारे में बात करते हैं। आप उस पति को ज्यादा बेहतर ढंग से देख पाएंगे जिसे मैं जानती हूं, न कि उन कुछ सेकंड्स में, जो कभी पूरी सच्चाई नहीं दिखा सकते। हमारा रिश्ता सुरक्षित है, हमारी समझ मजबूत है और यहा कुछ भी समझाने या सही ठहराने की जरूरत नहीं है। अंदर हर कोई अपना गेम खेल रहा है। उन्हें खेलने दें। लेकिन प्लीज, गेम को किसी के कैरेक्टर या शादी पर जजमेंट का आधार न बनाए।’
ज़ेबा ने दर्शकों से की अपील, कहा- सच्चाई बदल नहीं सकती
बयान के आखिर में ज़ेबा ने दर्शकों से अपील भी की है। वह लिखती हैं, ‘तो जो भी देख रहे हैं – आसिफ को देखें, उनके सफर को देखें, उस इंसान को खुद परखें और वे असल में जैसे हैं, उसके लिए उन्हें सपोर्ट करें। कुछ क्लिप्स कहानी बना सकती हैं। वे सच्चाई को नहीं बदल सकतीं।’
लव गिल और आसिफ के दो-तीन क्लिप हो रहे वायरल
ज़ेबा का यह बयान सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हो रहे शो के कई क्लिप्स के बाद आया है। इनमें से एक में लव गिल को आसिफ खान को तब गले लगाते हुए देखा गया, जब गेम में एक फैसला उनके हक में नहीं हुआ था। हालांकि, यूजर्स का ध्यान इस बात पर ज्यादा गया कि लव ने आसिफ से उन्हें भी कसकर गले लगाने के लिए कहा। एक और क्लिप में लव गिल को आसिफ खान के पैरों (कुछ हद तक जांघों) पर बैठे हुए देखा गया। जबकि आसिफ उस वक्त बिस्तर पर लेटे हुए थे। सोमवार के ताजा एपिसोड में भी नॉमिनेशन प्रक्रिया के दौरान जब सभी कंटेस्टेंट साथ बैठे थे, तब लव गिल को आसिफ के सीने पर सिर टिकाए हुए भी देखा गया।
यूजर्स ने कहा- आसिफ को सीमाएं तय करनी चाहिए
सोशल मीडिया यूजर्स को आसिफ के साथ लव गिल का यह व्यवहार खटक रहा है। कइयों ने इसे ‘अजीब’ बताया है। जबकि कुछ यूजर्स ने ध्यान दिलाया है कि लव गिल पहले ही एपिसोड से शहनाज गिल को कॉपी कर रही हैं। सोमवार के एपिसोड में ही वह गार्डन एरिया में बंदर से बातें कर रही थीं, ठीक वैसे ही जैसे शहनाज कौओं से करती थीं। हालांकि, एक यूजर ने लिखा है, ‘मुझे आसिफ की पत्नी के लिए बुरा लग रहा है। मुझे लगता है कि आसिफ को इस दोस्ती में कुछ सीमाएं तय करनी चाहिए। ये थोड़ा ज्यादा हो रहा है।’
यंग DSA और ईशा रिखी ‘घर से बेघर’ होने के लिए नॉमिनेट
‘बिग बॉस 20’ के ताजा एपिसोड में सोवमार को नॉमिनेशन का टास्क हुआ। इसमें घर वालों को दो ऐसे सदस्यों के नाम लेने थे, जिन्हें वह नॉमिनेशन से बचाना चाहते हैं। प्रक्रिया के अंत में रैपर यंग डीएसए और ईशा रिखी, दो ऐसे कंटेस्टेंट रहे जिनका किसी ने नाम नहीं लिया था। लिहाजा, अब ये दोनों ही ‘घर से बेघर’ होने के लिए नॉमिनेटेड हैं। खास बात यह है कि इन दोनों के ही ‘एक्स्ट्रा जीवनदान’ खत्म हो चुके हैं। यानी इस बार वीकेंड का वार में इनमें से किसी का एक का एविक्शन पक्का है।

