Home Viralसमस्तीपुर में केला-गोभी का चक्कर पड़ा भारी, युवक को पकड़कर पेड़ से बांधा, वीडियो वायरल

समस्तीपुर में केला-गोभी का चक्कर पड़ा भारी, युवक को पकड़कर पेड़ से बांधा, वीडियो वायरल

by BollywoodNewsAndMovie


जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। खेत में लगी फसल की रखवाली करने वाले ग्रामीणों ने एक युवक को केला और गोभी काटकर ले जाने के आरोप में पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने युवक को पेड़ से बांध दिया।

कुछ देर तक युवक ग्रामीणों के कब्जे में रहा। इसी बीच किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो रविवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराकर थाने ले गई।

खेत में पकड़ने का दावा

घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के करुआ गांव की बताई गई है। पकड़े गए युवक की पहचान गांव निवासी प्रवीण कुमार के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, खेत मालिक ने युवक को कथित रूप से खेत से केला और गोभी काटते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया था। इसके बाद आसपास के लोग भी वहां जुट गए। ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई।

पुलिस उससे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि खेत से फसल काटने की घटना में उसकी क्या भूमिका थी और युवक को पेड़ से किस परिस्थिति में बांधा गया।

आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष रणवीर कुमार राउत ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। खेत मालिक की ओर से आवेदन दिए जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो प्रसारित होने से चर्चा

उधर, युवक को पेड़ से बांधे जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस वीडियो के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। वीडियो कब और किसने बनाया, इसकी भी जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

You may also like

Leave a Comment