वनदेवी मंदिर की पौराणिक कथा पर बनी ‘द वन’ ने रिलीज के दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर चौंकाया है। इसने शनिवार को ‘हनुमान अंश’ और ‘एवेंजर्स एंडगेम एनकोर’ को झटका दिया है। कमाई में आए इस उछाल के बाद अब फिल्म से उम्मीद बढ़ने लगी है। दूसरी ओर, नानी की ‘द पैराडाइज’ तीन दिन में 100 करोड़ पार चली गई है।

हिंदी सिनेमाघरों में नीम करोली बाबा पर बनी ‘हनुमान अंश’ 51 दिन बाद भी बेहद मजबूत स्थिति में है। डॉ. विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्शन में बनी इस भक्ति ड्रामा ने शनिवार को ₹6.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। लिहाजा, ‘द वन’, ‘द पैराडाइज’ और ‘एवेंजर्स एंडगेम एनकोर’ तीनों को तगड़ा कंपीटिशन मिल रहा है। हालांकि, जिस तरह रिलीज के दूसरे दिन ‘द वन’ की कमाई बढ़ी है, इसने उम्मीद जरूर जगाई है।
‘द वन’ मूवी कलेक्शन
Sacnilk के मुताबिक, दीपक कुमार मिश्रा के डायरेक्शन में बनी ‘द वन – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ ने शनिवार को 6887 शोज से देश में ₹11.00 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹22.60 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹19.00 करोड़ हो गया है। विदेशों में भी फिल्म औसत बिजनस कर रही है। दो दिनों में इसने ओवरसीज ₹2.25 करोड़ की ग्रॉस कमाई की है। इस तरह देश और दुनिया मिलाकर वर्ल्डवाइड कलेक्शन ₹24.85 करोड़ हो गया है। फिल्म का बजट ₹82 करोड़ बताया जा रहा है।
- पहला दिन, शुक्रवार – ₹8.00 करोड़
- दूसरा दिन, शनिवार – ₹11.00 करोड़
‘द पैराडाइज’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
मूल रूप से तेलुगू में बनी नानी स्टारर ‘द पैराडाइज’ हिंदी और तमिल में भी रिलीज हुई है। गुरुवार को ओपनिंग डे पर इसने ₹34.65 करोड़ की दमदमार कमाई की थी। लेकिन नेगेटिव रिव्यूज के कारण अगले ही दिन शुक्रवार को कमाई गिरकर ₹14.90 करोड़ पर पहुंच गई। अब शनिवार को तीसरे दिन बिजनस में हल्की बढ़ोतरी हुई है। श्रीकांत ओडेला के डायरेक्शन में बनी ‘द पैराडाइज’ ने तीसरे दिन तेलुगू, हिंदी और तमिल मिलाकर ₹15.25 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इससे भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹90.50 करोड़ और नेट कलेक्शन ₹76.40 करोड़ हो गया है। जबकि विदेशों में अब तक हुई ₹29.00 करोड़ की ग्रॉस कमाई की बदौलत यह अब वर्ल्डवाइड ₹119.50 करोड़ की ग्रॉस कमाई कर चुकी है। फिल्म का बजट ₹200 करोड़ है।
- पेड प्रीमियर, बुधवार – ₹11.60 करोड़
- पहला दिन, गुरुवार- ₹34.65 करोड़
- दूसरा दिन, शुक्रवार- ₹14.90 करोड़
- तीसरा दिन, शनिवार- ₹15.25 करोड़
‘द पैराडाइज’ का हिंदी में हाल बुरा, नानी ने नेगेटिव रिव्यूज पर तोड़ी चुप्पी
‘द पैराडाइज’ का हिंदी डब वर्जन में हाल बुरा है। तीन दिनों में यह फिल्म हिंदी सिनेमाघरों में से ₹5.30 करोड़ का नेट कलेक्शन ही कर पाई है। इस बीच फिल्म को मिले नेगेटिव रिव्यू पर नानी ने भी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने X पर लिखा, ‘मैंने आप सभी के रिएक्शन और जवाब देखे हैं। मुझे आपका ढेर सारा प्यार मिला है और आपके मजेदार ट्रोल्स का भी मैंने उतना ही मजा लिया है। जिस तरह से दर्शकों ने इस फिल्म को अपनाया है, उससे मेरा दिल भर आया है। साथ ही क्रिटिक्स और रिव्यूअर्स ने जो कमियां बताई हैं, उनसे भी मैंने सीखा है। मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि हर चीज के लिए आपका शुक्रिया।’
‘एवेंजर्स एंडगेम: एनकोर’ की भारत में कमाई
इन दोनों फिल्मों के अलावा मार्वल स्टूडियोज की ‘Avengers Endgame: Encore’ भी अपना जलवा दिखा रही है। यह 2019 की ब्लॉकबस्टर फिल्म का री-रिलीज वर्जन है, जिसमें मेकर्स ने 4 मिनट के एक्स्ट्रा फुटेज जोड़े है। मार्वल फैंस का क्रेज देखने लायक है, क्योंकि भारत में दूसरे दिन भी 3700 शोज से इस फिल्म ने ₹7.65 करोड़ की नेट कमाई की। शुक्रवार को पहले दिन भी ₹7.25 करोड़ का नेट बिजनस हुआ था। इस तरह भारत में दो दिनों में ‘एवेंजर्स एंडगेम: एनकोर’ ने कुल ₹17.83 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन और ₹14.90 करोड़ की नेट कमाई कर ली है।

