सलमान खान के स्काउट और गुल्लू की डांट लगाने के बाद घरवालों ने भी इन चीजों के लिए दोनों को कॉल आउट किया।
सलमान खान होस्टेड रियलिटी टीवी शो बिग बॉस 20 के रविवार के एपिसोड में टेंशन काफी हाई रहा। सलमान खान ने स्काउट और गुल्लू को उनकी हरकतों के लिए जमकर लताड़ा। सलमान खान का गुस्सा शांत हुआ तो स्काउट और गुल्लू को घरवालों का प्रकोप झेलना पड़ा। आम्रपाली दुबे से लेकर यंग डीएसए तक ने स्काउट और गुल्लू को सवालों के घेरे में खड़ा किया। हालांकि स्काउट ज्यादातर वक्त खुद का बचाव करते और अपनी बात को सही साबित करने की कोशिश करते नजर आए। इस बात ने घरवालों को और नाराज कर दिया। माही विज ने स्काउट ओपी पर गुस्सा करते हुए कहा, “सामने जो चीज दिख रही है, उसे डिफेंड कर रहा है।”
“पैर धोकर पी लेने चाहिए तुझे उसके”
अरिशफा ने भी स्काउट पर सवाल उठाए और उनकी इस अप्रोच के लिए उन पर गुस्सा करते हुए कहा, “अपनी हरकतों के लिए माफी मांगो स्काउट।” यंग डीएसए भी अरिशफा की बात का सपोर्ट करते दिखे और उन्होंने कहा, “माफी नहीं, पैर धोकर पी लेने चाहिए तुझे उस लड़की के। अरे यह पैर धोकर पानी पीने वाली बात है।” अरिशफा ने गुस्सा करते हुए कहा, “अभी भी नहीं सुन रहा है वो, अभी भी कुछ समझ में नहीं आ रहा है उसको।” जब अरिशफा और यंग ने देखा कि स्काउट उनकी बातों को तवज्जो नहीं दे रहे हैं, तो उन्होंने जाकर गुल्लू और कनिका से बात करने का फैसला किया।
मैं आजू-बाजू नहीं देखता, थप्पड़ मार देता
बाद में गुल्लू और कनिका के साथ बातचीत में यंग डीएसए ने कहा, “उसने ये सब बातें मेरे सामने क्यों नहीं कीं मालूम है? क्योंकि मैं आजू-बाजू नहीं देखता, मैं उसको थप्पड़ मार देता गुल्लू। तुझे मारने वाली बात थी उसको। भगवान की कसम झूठ नहीं बोल रहा हूं।” जिस वक्त सलमान खान ने गुल्लू को बहुत कैजुअल तरीके से माफी मांगने के लिए कॉल आउट किया, उसके बाद भी यंग डीएसए ने उनकी हरकतों पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि ये मर्दानगी वाली बात नहीं है गुल्लू, मर्द ऐसे नहीं होते हैं। गुल्लू भी पूरे वक्त यंग की बातों पर सहमत होते नजर आए।
गुल्लू पर क्यों भड़के थे सलमान खान?
सलमान खान का गुस्सा जहां स्काउट की बातों को लेकर था, तो वहीं वह गुल्लू पर इसलिए नाराज थे, क्योंकि उन्होंने सही वक्त पर स्काउट को रोका नहीं। सलमान ने गुल्लू से साफ कहा कि जहां स्काउट ये सब बोले चले जा रहे थे, वहीं आप बिना उन्हें रोके उनकी बातों को एन्जॉय कर रहे थे। सलमान खान ने साफ कहा कि आज तक मैंने अपनी आवाज ऊंची नहीं की है, लेकिन आज भी अगर नहीं बोला तो धिक्कार है मुझ पर। सलमान खान ने गुल्लू और स्काउट को उदाहरण देकर समझाने की कोशिश की और पूछा- क्या तुम्हारे घर में बहन है, क्या उसके बारे में ऐसे बातें करते हो।
