नई दिल्ली: सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों रिश्तों और दोस्ती को लेकर खूब चर्चा हो रही है. शो में लव गिल और स्काउट ओपी की नजदीकियों पर भी कई बार सवाल उठ चुके हैं. दोनों के रिश्ते को लेकर घर के अंदर ही नहीं, बाहर भी तरह-तरह की बातें होती रही हैं.
अब लव ने इन सभी चर्चाओं के बीच स्काउट के साथ अपने रिश्ते को एक नया नाम दिया है. शो का नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें लव उन्हें एक खास ब्रेसलेट देती नजर आ रही हैं और खुद को उनकी बहन बता रही हैं.
लव ने स्काउट को दिया खास ब्रेसलेट
‘बिग बॉस 20’ के नए प्रोमो में लव गिल और स्काउट ओपी साथ नजर आते हैं. इस दौरान लव कहती हैं, ‘एक फेस्टिवल और निकला है राखी का. मैं एक बहन के तौर पर तुझे अपना ये ब्रेसलेट देना चाहती हूं.’ इसके बाद लव स्काउट से कहती हैं कि दुनिया उनके बारे में कुछ भी कहे, लेकिन उन्हें स्काउट के बारे में सब कुछ पता है. वह आगे कहती हैं, ‘हम लोगों की सोच नहीं बदल सकते हैं. मुझे तेरे पर यकीन है और मुझे तुम पर गर्व है.’ लव की ये बातें सुनकर दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही चर्चाओं पर एक बार फिर ध्यान गया है. प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
लव और स्काउट की दोस्ती पर पहले भी उठे सवाल
शो में लव और स्काउट की दोस्ती कई बार चर्चा में रही है. दोनों एक-दूसरे के साथ काफी समय बिताते नजर आते हैं. हालांकि, उनकी नजदीकियों को लेकर घर में भी सवाल उठे हैं. ऐसे में लव का स्काउट को बहन की तरह ब्रेसलेट देना और अपने रिश्ते को लेकर भरोसा जताना काफी खास है. अब फैंस भी इस प्रोमो पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. इस बार ‘बिग बॉस 20’ का वीकेंड का वार दिवाली स्पेशल रहा. शो में सिंगर मोहित चौहान, हार्डी संधू और जस्मीन सैंडलस ने अपनी परफॉर्मेंस से माहौल बनाया. वहीं, स्टैंडअप कॉमेडियन गौरव गुप्ता और करण जौहर भी घरवालों के साथ मस्ती करते नजर आए. सलमान खान ने भी कंटेस्टेंट्स के साथ खूब बातचीत की.
घर में बचे हैं ये कंटेस्टेंट्स
‘बिग बॉस 20’ में शुरुआत में 16 कंटेस्टेंट्स ने एंट्री की थी. अब तक रोहेद खान, ईशा रिखी, रीति तिवारी, अमन गांधी, वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट नकुल धुल उर्फ मिट्ठू डॉन और मैरी कॉम शो से बाहर हो चुके हैं. वहीं, इस हफ्ते ‘पंचायत’ फेम आसिफ खान भी बेघर हो गए.
फिलहाल घर में माही विज, कनिका मान, आम्रपाली दुबे, अरिश्फा खान, कुशल तंवर उर्फ गुल्लू, तन्मय सिंह उर्फ स्काउट ओपी, यंग डीएसए, काजी तौकीर, उदिति सिंह और मनीष गोयल बचे हैं. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में घर के अंदर रिश्तों और गेम में क्या नए बदलाव देखने को मिलते हैं.