Bigg Boss 20 Updates: ‘बिग बॉस 20’ में लव गिल के खिलाफ घरवालों ने मोर्चा खोल दिया। कनिका मान उनके बचाव में उतरीं, वहीं नियम तोड़ने पर बिग बॉस ने राशन में कटौती कर दी।
‘बिग बॉस 20’ के 16 नवंबर के एपिसोड में जमकर हंगामा देखने को मिला। एक तरफ लव गिल को स्काउटओपी के गेम और उनके इमोशनल ब्रेकडाउन के लिए जिम्मेदार ठहराया गया, तो दूसरी तरफ कनिका मान उनके बचाव में सबके सामने खड़ी हो गईं। नॉमिनेशन टास्क में भी लव को सबसे ज्यादा वोट मिले। उधर, घरवालों की हरकतों से नाराज बिग बॉस ने पूरे हफ्ते के राशन में 20 फीसदी कटौती कर दी। एपिसोड में कनिका की नाराजगी, काजी और युंग डीएसए से लव की बहस और नॉमिनेशन का ड्रामा देखने को मिला।
कनिका और गुल्लू की नजदीकियों पर क्या बोले घरवाले?
सलमान खान के वीकेंड का वार के बाद घरवालों ने कनिका मान और गुल्लू की बढ़ती नजदीकियों पर चर्चा की। माही विज ने कहा कि कनिका के प्रभाव में आकर गुल्लू अपना गेम भटक रहे हैं। वहीं, काजी तौकीर ने स्काउटओपी को समझाया और उनका साथ दिया। अरिश्फा खान और उदिति सिंह को लगा कि लव गिल ने गेम में टिके रहने के लिए स्काउट का इस्तेमाल किया है।
कनिका मान क्यों हुईं इमोशनल?
गुल्लू और लव से बातचीत के दौरान कनिका भावुक हो गईं। उन्होंने मेकर्स और होस्ट पर काजी तौकीर को तरजीह देने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि काजी अपनी हरकतों से दर्शकों का मनोरंजन करते हैं, लेकिन वह गेम में अलग दिखने के लिए उनके जैसा व्यवहार नहीं कर सकतीं।
घरवालों को क्यों पड़ी ‘बिग बॉस’ की फटकार?
अगली सुबह स्काउटओपी ने अरिश्फा के बनाए पराठे खाए और उनकी तारीफ की। दूसरी तरफ लव और गुल्लू सोफे पर बैठे बातचीत कर रहे थे। लव ने पैर फैलाने की बात कही तो गुल्लू ने तुरंत उनके लिए सोफा ठीक कर दिया। इस पर बिग बॉस ने सभी घरवालों को लिविंग एरिया में बुलाया और नियम तोड़ने पर पूरे हफ्ते के राशन में 20 फीसदी कटौती कर दी। साथ ही लव और गुल्लू को सोफे दोबारा व्यवस्थित करने का आदेश दिया।
लव गिल पर क्यों बरसे घरवाले?
नॉमिनेशन टास्क में स्काउटओपी को बारटेंडर बनाया गया, क्योंकि वह पूरे सीजन के लिए पहले से नॉमिनेटेड हैं। बाकी सदस्यों को अपने सबसे कम पसंदीदा कंटेस्टेंट के चेहरे पर ड्रिंक फेंककर उसे नॉमिनेट करना था। इस टास्क में लव गिल को सबसे ज्यादा वोट मिले। कई घरवालों ने उन पर स्काउट का गेम बिगाड़ने का आरोप लगाया। युंग डीएसए और काजी ने स्काउट के भावुक होने के लिए लव को जिम्मेदार ठहराया। इस पर कनिका ने अमरपाली दुबे, काजी और युंग को फटकार लगाते हुए कहा,
स्काउट कोई चार साल का बच्चा नहीं है। वह अपनी बात खुद रख सकता है। तुम सब मिलकर उस लड़की को निशाना बना रहे हो।
लव ने बहस के दौरान काजी पर भी उन पर हावी होने का आरोप लगाया, जिससे वह नाराज हो गए। माही, गुल्लू और अरिश्फा को भी टास्क में ज्यादा वोट मिले। नॉमिनेशन का बाकी ड्रामा अगले एपिसोड में दिखाया जाएगा।
