Bigg Boss 20: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने वीकेंड का वार एपिसोड के बाद अपनी सेहत को लेकर चिंतित फैंस को सफाई दी है। शो के दौरान सलमान को सीने पर हाथ रखते हुए देखा गया था। इसके बाद वह बोलने में परेशानी महसूस करते नजर आए और स्टेज पर लेटकर डॉक्टर को बुलाने के लिए कहा। इस दृश्य के बाद सोशल मीडिया पर फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंता जताने लगे।
सलमान खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दी सफाई
फैंस की बढ़ती चिंता के बीच सलमान खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर स्पष्ट किया कि उनकी सेहत बिल्कुल ठीक है। उन्होंने लिखा कि भगवान की कृपा से मेरी सेहत को कुछ नहीं हुआ। सलमान ने बिग बॉस के प्रोमो की एडिटिंग पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि प्रोमो को इस तरह एडिट किया गया, जिससे ऐसा लगा कि वह वास्तव में किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं।
काजी को सबक सिखाने के लिए किया था नाटक
सलमान खान ने बताया कि शो में दिखाई गई उनकी परेशानी दरअसल कंटेस्टेंट काजी को एक बात समझाने के लिए थी। वह काजी को यह दिखाना चाहते थे कि अपनी सेहत को मनोरंजन का जरिया बनाना गलत है। सलमान के मुताबिक, काजी के इस व्यवहार से घर के बाकी 15 सदस्य अनजान थे और वे वास्तव में उसकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए थे। सलमान ने कहा कि उनके अभिनय का मकसद काजी को यह समझाना था कि उसके इस कदम का दूसरों पर क्या असर पड़ा। उन्होंने आगे बताया कि प्रोमो की एडिटिंग के कारण उनके संदेश का उद्देश्य ही बदल गया और ऐसा लगा कि वह भी वही कर रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने काजी को गलत ठहराया था।
ट्रोल्स को सलमान का करारा जवाब
एपिसोड के दौरान सलमान खान ने सोशल मीडिया ट्रोल्स को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने खासकर महिला कलाकारों के लुक और उनके हुलिए को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर नाराजगी जताई। अपने गंजे लुक को लेकर हो रही चर्चाओं के बीच सलमान ने स्टेज पर अपनी टोपी और टी-शर्ट उतार दी। उन्होंने ट्रोल्स को चुनौती देते हुए कहा, “आप लोग मुझे ट्रोल करना चाहते हैं? मैं आपको दिखाता हूं। एब्स नहीं हैं, मेरा लुक देखिए। अब ट्रोल करना है तो कीजिए।”
‘मातृभूमि’ में नजर आएंगे सलमान खान
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही निर्देशक अपूर्व लाखिया की फिल्म ‘मातृभूमि’ में नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट का अभी ऐलान नहीं किया गया है।
