Bokaro News: बोकारो के सेक्टर नौ में मॉर्निंग वॉक पर निकले बीएसएल के 70 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मी भरत सिंह की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, नशे के लिए रुपये नहीं देने और मोबाइल छीनने का विरोध करने पर आरोपी पंकज साव ने उन पर वार किया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान की मदद से पुलिस ने आरोपी को दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर मोबाइल और पत्थर बरामद किया।

बोकारो, प्रतिनिधि। हरला थाना क्षेत्र के सेक्टर नौ में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले बीएसएल के 70 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मी भरत सिंह की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। नशे के लिए रुपये नहीं देने और मोबाइल छीनने का विरोध करने पर आरोपी पंकज साव ने सड़क किनारे पड़ा बड़ा पत्थर उठाकर उनके सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी उनका मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान की मदद से महज दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त पत्थर और छीना गया मोबाइल बरामद किया गया है। सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने हरला थाना में प्रेसवार्ता कर बताया कि प्रारंभिक जांच में नशे की जरूरत पूरी करने और छिनतई के विरोध को हत्या का कारण पाया गया है। मृतक के बेटे अशोक सिंह की लिखित शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना के बाद लोगों पर भी किया हमला
शोर सुनकर पहुंचे लोगों पर भी किया हमला : घटना शनिवार सुबह करीब 5.15 बजे सेक्टर नौ के स्ट्रीट चार और पांच के बीच हुई। आरोपी पंकज साव लाल रंग का कंबल लपेटे वहां खड़ा था। भरत सिंह से रुपये मांगने के बाद उसने मोबाइल छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर पत्थर से उनके सिर पर वार कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन उसने उन पर भी हमला कर दिया। इसमें तीन लोगों को मामूली चोटें आईं। पथराव में पास खड़ा एक ऑटो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही हरला इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से आरोपी का पीछा किया और वैशाली मोड़ मैदान के पास स्ट्रीट 36 के मोड़ से उसे दबोच लिया।
बीएसएल की जमीन पर बनी झोपड़ी में रहता था आरोपी
बीएसएल की जमीन पर बनी झोपड़ी में रहता था आरोपी : पुलिस के अनुसार, आरोपी सेक्टर नौ में स्ट्रीट चार और पांच के बीच मैदान में बनी झोपड़ी में अपने परिवार के साथ वर्षों से रह रहा था। यह झोपड़ी बीएसएल की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाई गई है। बताया जाता है कि बच्चों और बुजुर्गों के उपयोग के लिए छोड़ी गई जमीन पर धीरे-धीरे झुग्गी-बस्ती विकसित हो गई। पूर्व में इस इलाके में एक दंपती और बच्चे की मौत की घटना के बाद तत्कालीन सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने भी बीएसएल प्रबंधन से इस बस्ती को हटाने के लिए पत्राचार किया था। पुलिस अनुसंधान में ऐसे इलाकों में असामाजिक तत्वों की मौजूदगी को लेकर चिंता जताई गई थी।
बिहारी होटल में आखिरी बार कराई बोहनी
बिहारी होटल में आखिरी बार कराई बोहनी : भरत सिंह मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे। वह रोज सुबह करीब पांच बजे बिहारी होटल पहुंचकर चाय पीते थे। शनिवार को भी उन्होंने होटल में चाय पी और पांच रुपये देकर दिन की पहली बिक्री यानी बोहनी कराई। इसके बाद होटल में मौजूद लोगों से कहा कि मॉर्निंग वॉक करके लौटेंगे तो दोस्तों के साथ फिर चाय पिएंगे। इतना कहकर वह घर की ओर से गुजरते हुए स्ट्रीट चार और पांच के बीच पहुंचे, जहां उनकी हत्या कर दी गई। घटना की खबर मिलते ही होटल कर्मियों, सेवानिवृत्त बीएसएल कर्मचारियों और उनके परिचितों का घर पर तांता लग गया। पूरे दिन परिजनों और परिचितों के बीच शोक का माहौल बना रहा।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
✦भरत सिंह की हत्या कहां और कब हुई?−
घटना शनिवार सुबह करीब 5.15 बजे बोकारो के सेक्टर नौ में स्ट्रीट चार और पांच के बीच हुई।
✦पुलिस ने आरोपी को कितने समय में गिरफ्तार किया?+
✦आरोपी के पास से क्या बरामद किया गया?+

