Hanuman Ansh Collection: 54 दिन में 1.53 करोड़ दर्शकों ने देखी फिल्‍म, 15519% प्रॉफिट, बाबा नीम करोली की महिमा! – hanuman ansh collection day 54 neem karoli baba film registers over 15 million footfalls yielding a profit of 15519 percent


‘हनुमान अंश’ की ऐतिहास‍िक सफलता अब देश में ₹300 करोड़ तो वर्ल्‍डवाइड ₹400 करोड़ के पार पहुंच चुकी है। 54वें द‍िन जहां नीम करोली बाबा पर बनी इस फ‍िल्‍म की कमाई फ‍िर बढ़ी है, वहीं अब तक दुनियाभर में 1.53 करोड़ फुटफॉल र‍िकॉर्ड क‍िया गया है। यही नहीं, बजट के मुकाबले देश में मुनाफा 15519% पहुंच चुका है।

Hanuman Ansh Collection: 54 दिन में 1.53Cr दर्शकों ने देखी फिल्‍म, नीम करोली बाबा की महिमा से 15519% प्रॉफिट
नीम करोली बाबा पर बनी ऐतिहासिक ब्‍लॉकबस्‍टर भक्‍त‍ि ड्रामा फिल्‍म ‘हनुमान अंश’ 54 दिन बाद भी सिनेमाघरों में न सिर्फ डटी हुई है, बल्‍क‍ि धुआंधार कमाई कर रही है। मंगलवार को फिल्‍म की कमाई में एक बार फिर 37.77% का जबरदस्‍त उछाल देखने को मिला है। यह दिलचस्‍प है कि सिद्धार्थ मल्‍होत्रा की ‘द वन’, नानी की ‘द पैराडाइज’ और मार्वल की ‘एवेंजर्स एंडगेम एनकोर’ की रिलीज के बावजूद इस फिल्‍म की कमाई पर कोई खास फर्क नहीं पड़ा है। 54 दिन बाद जहां ‘हनुमान अंश’ देश में ₹312 करोड़ के पार जा चुकी है, वहीं वर्ल्‍डवाइड ₹408 करोड़ से अध‍िक की कमाई हो चुकी है। यही नहीं, इसने ₹2 करोड़ के बजट की तुलना में अब देश में 15519% का नेट प्रॉफिट कमा लिया है। हालांकि, इसे दो दिन बाद अजय देवगन की ‘दृश्‍यम 3’ से जोर का झटका लग सकता है, जिसने एडवांस बुकिंग में ही अब तक 3.42 लाख टिकट बेच लिए हैं।

डॉ. विशाल चतुर्वेदी के डायरेक्‍शन में बनी ‘हनुमान अंश’ किसी चमत्‍कार से कम नहीं है। यह 2026 की दूसरी ऐसी भारतीय फ‍िल्म बन गई है, जिसने देश में 300 करोड़ से अध‍िक की कमाई का आंकड़ा पार किया है, वो भी तब जब 07 अगस्‍त 2026 को रिलीज के बाद पहले दिन महज ₹10 लाख की कमाई हुई थी। फिल्‍म को इसी महीने 11 सितंबर को विदेशों में भी रिलीज किया गया। खास बात यह भी है कि 54 दिनों में दुनियाभर में 1.53 करोड़ से अध‍िक दर्शकों ने इसे सिनेमाघर जाकर देखा है।

54 दिनों में 1.53 करोड़ दर्शक देख चुके हैं ‘हनुमान अंश’

जी हां, शोभ‍िनव सत्‍य स्‍टारर ‘हनुमान अंश’ ने दुनियाभर में कुल मिलाकर लगभग 1.53 करोड़ फुटफॉल का आंकड़ा दर्ज किया है। इसका मतलब यह है कि सिनेमाघरों में फिल्‍म के इतने दर्शकों ने फिल्‍म देखी है। फिल्‍म को लेकर दर्शकों का क्रेज कहें या नीम करोली बाबा के प्रति आस्‍था, ‘हनुमान अंश’ के लिए सिर्फ भारत में टिकट बुकिंग प्‍लेटफॉर्म BookMyShow से 70,08,940 टिकट बिके हैं। यह आंकड़ा 24 सितंबर तक का है। यानी बीते पांच दिनों में इसमें हजार से दर्शकों की संख्‍या और जुड़ी होगी।

‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन

Sacnilk के मुताबिक, 54वें दिन ‘हनुमान अंश‘ ने भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर 4411 शोज से ₹3.10 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। एक दिन पहले सोमवार को इसने ₹2.25 करोड़ कमाए थे। इस तरह 54 दिनों में भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन ₹369.00 करोड़ और कुल नेट कलेक्शन ₹312.38 करोड़ तक पहुंच गया है। जबकि विदेशों में हुई ₹39.00 करोड़ की ग्रॉस कमाई की बदौलत, ‘हनुमान अंश’ का वर्ल्‍डवाइड ग्रॉस कलेक्‍शन ₹408.00 करोड़ तक पहुंच गया है।

‘हनुमान अंश’ की कमाई

  • पहला हफ्ता- ₹1.08 करोड़
  • दूसरा हफ्ता- ₹40 लाख
  • तीसरा हफ्ता- ₹10.40 करोड़
  • चौथा हफ्ता- ₹61.00 करोड़
  • पांचवां हफ्ता- ₹90.25 करोड़
  • छठा हफ्ता- ₹80.25 करोड़
  • सातवां हफ्ता- ₹44.80 करोड़
  • 50वां दिन, शुक्रवार- ₹3.35 करोड़
  • 51वां दिन, शनिवार- ₹6.50 करोड़
  • 52वां दिन, रविवार- ₹9.00 करोड़
  • 53वां दिन, सोमवार- ₹2.25 करोड़
  • 54वां दिन, मंगलवार- ₹3.10 करोड़

54 दिनों में ‘हनुमान अंश’ ने कमाया 15519% नेट प्रॉफिट

‘हनुमान अंश’ का बजट महज ₹2 करोड़ है। जबकि 54 दिनों में देश में ₹312.38 करोड़ का नेट कलेक्शन हुआ है, जिससे इसका ROI ₹310.38 करोड़ रहा है। हिसाब लगाए तो यह चौंकाने वाले 15519% रिटर्न के बराबर है। यह सिर्फ ब्‍लॉकबस्‍टर ही नहीं, बल्‍क‍ि ऐतिहासिक सफलता है। मेकर्स जहां पहले ही यह उम्‍मीद लगाए बैठे हैं कि फिल्‍म सिनेमाघरों में 100 दिन चलेगी, वहीं अब फैंस की भी उम्‍मीदें बढ़ने लगी हैं कि क्‍या यह भारत में ₹400 करोड़ की नेट कमाई तक पहुंच पाएगी? हालांकि, इसकी राह में सबसे बड़ा रोड़ा अजय देवगन की फिल्‍म ‘दृश्‍यम 3: द कन्‍क्‍लूजन’ है, जो दो दिन बाद शुक्रवार 02 अक्‍टूबर को रिलीज हो रही है।

‘दृश्‍यम 3’ की बंपर एडवांस बुकिंग: बिक चुके हैं 3.42 लाख टिकट

अजय देवगन की ‘दृश्यम 3: द कन्‍क्‍लूजन’ की रिलीज से ‘हनुमान अंश’ के कलेक्शन पर जोरदार असर पड़ने वाला है। कम से कम पहले दिन तो यह क्राइम-ड्रामा जरूर अपनी बंपर कमाई से सबको पीछे छोड़ने वाली है। ‘दृश्यम 3’ की रिलीज में अभी दो दिन बाकी हैं, यानी दो दिन और टिकटों की प्री-बुकिंग होने वाली है। लेकिन बुधवार सुबह 09 बजे तक इसके 8911 शोज के लिए 3.42 लाख टिकटों की बिक्री हो चुकी है। इससे ₹12.94 करोड़ की एडवांस ग्रॉस कमाई हुई है। ब्लॉक सीटों को छोड़ दें, तो भी पहले दिन के लिए ₹10.47 करोड़ की ग्रॉस एडवांस बुकिंग हो चुकी है।

‘दृश्‍यम 3’ बॉक्‍स ऑफिस प्रेडिक्‍शन: पहले द‍िन ₹50 करोड़!

अजय देवगन, तब्‍बू और जयदीप अहलावत की ‘दृश्‍यम: द कन्‍क्‍लूजन’ को सुपरहिट फ्रेंचाइज का जबरदस्‍त फायदा मिलने वाला है। जिस रफ्तार से एडवांस बुकिंग हो रही है, यह फिल्‍म पहले ही दिन देश में ₹45 करोड़ से ₹50 करोड़ की नेट कमाई कर सकती है। सिर्फ ओपनिंग डे के लिए नहीं, बल्‍क‍ि तीन दिनों के पहले वीकेंड के लिए भी फिल्‍म की प्री-बुकिंग जबरदस्‍त है। बुधवार सुबह तक शुक्रवार, शनिवार और रविवार के लिए ₹24.76 करोड़ के टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। रिलीज के बाद यदि फिल्‍म दर्शकों को पसंद आती है तो यह संख्‍या और बढ़ेगी। साथ ही स्‍पॉट बुकिंग भी अच्‍छी-खासी होगी।

लेखक के बारे मेंस्वपनल सोनलस्वपनल सोनल, नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में असिस्‍टेंट एडिटर हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास 14 वर्षों का अनुभव है। वह एंटरटेनमेंट एडिटर के तौर पर सिनेमा और सितारों की दुनिया को कवर कर रहे हैं। उनकी विशेष रुचि मनोरंजन के बदलते स्‍वरूप यानी OTT पर वेब सीरीज, फ‍िल्‍म समीक्षा और बॉक्‍स ऑफिस के आंकड़ों में है। इसके अलावा, स्‍वपनल ने अपने करियर में राजनीति, समसामयिक घटनाओं, टेक्‍नोलॉजी और वायरल ट्रेंड्स जैसी बीट पर भी काम किया है। वह बीते 8 साल से NBT (Digital) के साथ जुड़े हुए हैं। उन्‍होंने जयपुर लिटरेचर फेस्‍टव‍िल और प्रवासी भारतीय सम्‍मेलन की ग्राउंड रिपोर्टिंग की है। वे भारतीय जनसंचार संस्‍थान (IIMC) से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्‍लोमा, और गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी से जनसंचार में स्नातकोत्तर हैं। उन्‍होंने अंग्रेजी साहित्‍य में स्‍नातक की डिग्री ली है।… और पढ़ें



Source link

Related posts

8वें हफ्ते में भी खूब गरज रही ‘हनुमान अंश’, अब ‘धुरंधर 2’ के बाद ऐसा करने वाली बनी साल की दूसरी फिल्म

रिलीज- 30 सितंबर | बजट- 104 करोड़: सुशांत सिंह राजपूत की वो हिट फिल्म, जिसकी सैलाब में डूब गया था पूरा बॉक्स ऑफिस

‘द पैराडाइस’ ने आमिर-शाहरुख की फिल्मों को पछाड़ा, विदेशी ऑडियंस भी हुई दीवानी, Bollywood Hindi News