Kannauj News: बिशुनगढ़। कस्बे में सोशल मीडिया पर अधिकारियों के स्थानांतरण और मेला न लगाने को लेकर वायरल हुए वीडियो के मामले में बिशुनगढ़ पुलिस ने वीडियो में बोलने वाले व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। सोमवार को वायरल वीडियो में एक व्यक्ति ने तत्कालीन क्षेत्राधिकारी सुरेश कुमार और बिशुनगढ़ थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया के स्थानांतरण की बात करता नजर आया था। वीडियो में बिशुनगढ़ में मेला न लगने देने तथा मेले में किसी ब्राह्मण के शामिल नहीं होने जैसी बातें भी कही गई थीं। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई। हालांकि ऐसे किसी वायरल वीडियो की आपका अपना हिन्दुस्तान अखबार पुष्टि नहीं करता है।
उधर, इस मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने वीडियो में बोलने वाले व्यक्ति के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
